बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित पुराने कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। सड़क निर्माण को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान और स्थानीय व्यापारियों के बीच तीखी बहस हुई। नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने मौके पर पहुंचकर बताया कि यह सड़क मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत बनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना ऊपर से स्वीकृत होती है और निर्माण का प्रकार तय होता है, जिसमें बदलाव संभव नहीं है। इस सड़क निर्माण की कुल लागत लगभग 23 लाख रुपए है। चौहान ने आगे बताया कि निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। सारी खुदाई एक साथ होगी, लेकिन एक साइड का ट्रैफिक चालू रखा जाएगा और दूसरी ओर सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा के बाद ढाई महीने में सड़क पूरी करने का आश्वासन दिया। वहीं, स्थानीय व्यापारी महेश यादव ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए कहा कि उन्हें सीमेंट कंक्रीट (सीसी) रोड के बजाय डामरीकरण (बीटी) सड़क चाहिए। उन्होंने अधिकारियों के इस तर्क को खारिज किया कि डामर नहीं, सीसी रोड ही बनेगा। व्यापारियों ने आशंका जताई कि काम छह महीने से पहले पूरा नहीं होगा, जबकि नपा ढाई महीने का आश्वासन दे रही है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय तक निर्माण कार्य चलने से उनका व्यापार प्रभावित होगा। हालांकि, नगर पालिका का दावा है कि कार्य तय समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा और आवागमन सुचारू रखा जाएगा। कुछ देर तक मौके पर माहौल गरमाया रहा, लेकिन बाद में समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
Source link