Khandwa News: महंगाई के दौर में जहां रोजमर्रा का सामान खरीदना आम आदमी के लिए चुनौती बनता जा रहा है, वहीं खंडवा में एक ऐसा बाजार है जिसने लोगों को बड़ी राहत दी है. यहां महज 22 रुपए से घरेलू सामान मिलना शुरू हो जाता है. यही वजह है कि यह बाजार इन दिनों शहर ही नहीं, आसपास के गांवों के लोगों के बीच भी खासा लोकप्रिय हो गया है. शहर का बुधवार बाजार यूं तो वर्षों से सब्जी मंडी के रूप में पहचाना जाता रहा है, लेकिन अब इसी इलाके में सस्ते प्लास्टिक और घरेलू सामान की दुकानों ने अलग पहचान बना ली है. खड़कपुरा क्षेत्र में स्थित भारत बाजार और बुधवार बाजार गली में लगा खंडवा बाजार कम दाम और ज्यादा वैरायटी के कारण चर्चा में है.
22 से लेकर 99 रुपए तक हजारों आइटम
यहां 22 रुपए, 49 रुपए, 79 रुपए और 99 रुपए की अलग-अलग रेंज में सामान उपलब्ध है. प्लास्टिक के डिब्बे, मसाला बॉक्स, पानी की बोतलें, बच्चों के टिफिन, बाल्टी, मग, टोकरी, क्लिप, ब्रश, झाड़ू, रसोई के छोटे-छोटे उपकरण, लेडीज उपयोग की चीजें, मोजे, किचन स्टैंड, स्टोरेज बॉक्स सहित सैकड़ों वैरायटी यहां सजी रहती हैं। दुकानों के बाहर रेट साफ लिखे होने से ग्राहकों को मोलभाव की जरूरत भी नहीं पड़ती. यहां देखा गया कि दोपहर से देर शाम तक यहां खरीदारों की आवाजाही बनी रहती है. खासकर महिलाएं बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंचती हैं. कई लोग एक साथ 8-10 आइटम खरीदते नजर आते हैं.
ग्राहकों का क्या कहना है?
खरीदारी करने पहुंचे तौकीर सिद्दीकी ने बताया,“घर का छोटा-मोटा सामान लेना हो तो हम यहीं आते हैं. आज मैं बच्चे के लिए वाटर बॉटल लेने आया था. सिर्फ 22 रुपए में अच्छी क्वालिटी की बोतल मिल गई. यहां हर बार नई वैरायटी देखने को मिलती है, इसलिए बार-बार आने का मन करता है. कुछ महिलाओं ने बताया कि किचन के डिब्बे और प्लास्टिक के सामान बड़े शहरों की तुलना में यहां काफी सस्ते मिल जाते हैं. एक ग्राहक ने तो यहां तक कह दिया, “दिल्ली या इंदौर में यही सामान 60-70 रुपए से कम नहीं मिलता, यहां 22 या 49 रुपए में मिल जाता है.”
दुकानदार बोले, सस्ते के साथ क्वालिटी भी
Local 18 से बातचीत में भारत बाजार के संचालक मोशिन ने बताया, हमारी दुकान में 22 रुपए से लेकर 99 रुपए तक का सामान मिलता है. सिर्फ 22 रुपए में ही हजार से ज्यादा आइटम उपलब्ध हैं. हम कोशिश करते हैं कि कम दाम में अच्छी क्वालिटी दें. बाजार को करीब 8 महीने हो चुके हैं और लोगों का बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. हर दिन नई वैरायटी लाते हैं ताकि ग्राहकों को कुछ नया मिले.” उन्होंने बताया कि त्योहारों और छुट्टियों के दिनों में यहां भीड़ और ज्यादा बढ़ जाती है. आसपास के गांवों से भी लोग खासतौर पर खरीदारी करने आते हैं.