Last Updated:
South Africa beat Afghanistan Super Over T20 World Cup 2026: पिछले साल की फाइनलिस्ट साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए थ्रिलिंग डबल सुपर ओवर में मुकाबले में हराते हुए टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. अफगानिस्तान को छह बॉल में जीत के लिए 24 रन चाहिए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका ने 19 रन ही बनाने दिया.
सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को हराया
अहमदाबाद: दुनिया याद रखेगी कि 11 फरवरी 2026 को एक ऐसा मैच हुआ, जिसने रोमांच की सारी हदें पारी कर दी. एक मैच में दो-दो सुपर ओवर. इसे टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे थ्रिलिंग कॉन्टेस्ट कहा जाए तो गलत नहीं होगा. कभी लगता कि अफगानिस्तान जीत जाएगी तो कभी साउथ अफ्रीका पलटवार करती. हर पल मैच बदलता रहा. कभी कोई फ्री हिट में रन आउट होता तो कभी सायरन बजता. आखिरी गेंद पर विकेट और छक्के के साथ दो-दो सुपर ओवर खत्म हो गए. आखिरकार बाजी साउथ अफ्रीका के हाथ लगी और अफगान प्लेयर्स के पास सिवाय मायूसी के और कुछ नहीं बचा.
दूसरे सुपर ओवर में 24 रन नहीं बना पाया अफगानिस्तान
अफगानिस्तान को सुपर ओवर में जीत के लिए 24 रन चाहिए थे. साउथ अफ्रीका के लिए बॉलिंग स्पिनर केशव महाराज कर रहे थे. शुरुआती दो गेंद पर जब अफगानिस्तान बिना कोई रन बनाए एक विकेट गंवा चुकी थी तो लग रहा था कि अब कोई रोमांच बचा नहीं है, लेकिन लगातार तीन गेंदों में तीन छक्के जड़कर रहमनुल्लाह गुरबाज ने अफगानिस्तान की उम्मीद जिंदा रखी. जब आखिरी बॉल पर अफगानिस्तान को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे, तब केशव महाराज ने गुरबाज को आउट करके साउथ अफ्रीका की जीत तय कर दी.
अफगानिस्तान VS साउथ अफ्रीका स्कोरकार्ड
एक मैच, दो-दो सुपर ओवर और 24 गेंद को नॉन स्टॉप रोमांच
दरअसल, ग्रुप डी के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए छह विकेट खोकर 187 रन बनाए थे. जवाब में अफगानिस्तान जीत की दहलीज में पहुंचकर मैच फिनिश करने से चूक गया. अफगानिस्तान को जीत के लिए 20वें ओवर में 13 रन चाहिए थे और आखिरी दो गेंद में तीन रन. मगर फजल फारूखी के फ्री हिट पर रन आउट होने के साथ ही अफगानिस्तान ऑलआउट हो गया और स्कोर टाई हो गया, जिसके बाद मैच फ्री हिट में गया. फिर पहला सुपर ओवर भी टाई रहा. दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने सुपर ओवर किया, जिसमें अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए, इसमें अजमतुल्लाह उमरजई का एक छक्का और दो चौके शामिल हैं.
बेकार गई रहमनुल्लाह गुरबाज की साहसिक पारी
अफगानिस्तान इससे पहला लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में था लेकिन लगातार विकेट गंवाने के कारण उसे नुकसान हुआ, उसकी तरफ से रहमनुल्लाह गुरबाज ने 42 गेंद पर 84 रन बनाए जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल हैं. दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगिडी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए. इससे पहले साउथ अफ्रीका के लिए रयान रिकेल्टन ने 28 गेंद पर 61 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल हैं. क्विंटन डीकॉक ने 41 गेंद पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए. अफगानिस्तान की तरफ से उमरजई ने 41 रन देकर तीन और कप्तान राशिद खान ने 28 रन देकर दो विकेट लिए.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें