भिंड के बीटीआई क्षेत्र स्थित संतोष नगर में बुधवार देर रात उधार के पैसों और ब्याज की मांग को लेकर हुए विवाद में 34 वर्षीय युवक राजू राजावत को उसके ही पड़ोसी हरसू खान ने कट्टे से गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पांच साल पुराना था लेनदेन पुलिस के मुताबिक राजू राजावत ने करीब पांच वर्ष पहले अपने पड़ोसी हरसू खान को व्यापार के लिए 20 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम लंबे समय से वापस नहीं की गई थी। बुधवार सुबह राजू ने हरसू से पैसे ब्याज सहित लौटाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो दिनभर अलग-अलग समय पर चलती रही। रात में साथियों के साथ पहुंचा आरोपी बताया जा रहा है कि देर रात हरसू खान अपने कुछ लोगों को साथ लेकर राजू के घर के बाहर पहुंच गया। वहां खड़े होकर वह आवाजें लगाने लगा और हंगामा करने लगा। शोर सुनकर जब राजू घर से बाहर निकला, तभी विवाद अचानक हिंसक हो गया। परिजनों के अनुसार जैसे ही राजू दरवाजे से बाहर आया, हरसू ने कट्टा निकाला और फायर कर दिया। गोली राजू की पीठ में लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और आरोपी वहां से भाग निकले। परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग घायल राजू को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजू की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे रात करीब 11 बजे ग्वालियर रेफर कर दिया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल में बयान लेने की तैयारी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस ने घायल के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत बयान मिलने के बाद मामले में धाराएं और बढ़ाई जा सकती हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस संतोष नगर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लेनदेन का विवाद आया सामने प्रारंभिक जांच में साफ हुआ है कि मामला पैसों के लेनदेन और ब्याज की मांग से जुड़ा है। दिन में हुई कहासुनी ने रात में गंभीर रूप ले लिया। घटना के बाद संतोष नगर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
Source link