दतिया की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। घर में काम करने वाली कामवाली बाई ने ही भरोसे का फायदा उठाकर सोने के आभूषण चुरा लिए थे। कोतवाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए करीब 17 लाख रुपये कीमत के लगभग 100 ग्राम सोने के जेवर बरामद कर सोनिया रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। सुधीर सिकरवार ने 10 फरवरी को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे 7 फरवरी को अपनी मां को दिखाने ग्वालियर गए थे और घर की देखरेख के लिए रोज आने वाली कामवाली बाई को घर पर छोड़ गए थे। उसी शाम वे वापस लौट आए। अलमारी से 100 ग्राम सोना गायब था 10 फरवरी को दिल्ली जाने की तैयारी के दौरान जब उन्होंने अलमारी में रखे आभूषण देखे तो करीब 100 ग्राम सोना गायब मिला। चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई। उन्होंने सीधे तौर पर कामवाली बाई पर शक जताया। पूछताछ में कबूला जुर्म पुलिस ने संदेह के आधार पर सोनिया रैकवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह टालती रही, लेकिन सख्ती और लगातार सवालों के बाद उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 7 फरवरी को घर खाली देखकर उसने अलमारी से जेवर चुराए और उन्हें अपने घर भारतीयम विद्यापीठ के पास छिपा दिए। महिला के घर से मिले जेवर पुलिस ने सोनिया रैकवार के बताए अनुसार उसके घर से करीब 100 ग्राम सोने के जेवर बरामद कर लिए। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जिला जेल दतिया भेज दिया गया।
Source link