Last Updated:
Gwalior News: प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट पत्रकारों को बाइट दे रहे थे कि तभी एक स्थानीय पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि खराब सड़कों और अस्पतालों पर आपकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है लेकिन जब ज्योतिरादित्य सिंधिया शहर में आते हैं, तब ही आप यहां एक्टिव होते हैं. उसके बाद आप दिखाई नहीं देते हैं.
मंत्री तुलसीराम सिलावट पत्रकार पर भड़क गए.
रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश में ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट को तब गुस्सा आ गया, जब एक स्थानीय पत्रकार ने उनसे तीखा सवाल पूछ लिया. रिपोर्टर के सवाल पर तुलसी सिलावट नाराज हो गए. रिपोर्टर ने मंत्री से कहा कि वह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के वक्त ही वह ग्वालियर में एक्टिव होते हैं. सड़कों, अस्पतालों आदि पर उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है. पत्रकार के सवाल पर प्रभारी मंत्री गुस्सा हो गए. उन्होंने पत्रकार से कहा कि आप मुझे निर्देश नहीं देंगे. भाषा का सही इस्तेमाल करो. यह पूछने का अधिकार वह किसी को नहीं देते हैं. उनके कामकाज का लेखा-जोखा उनकी पार्टी और सरकार के पास है.
दरअसल प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट पत्रकारों से बात कर रहे थे कि तभी एक स्थानीय रिपोर्टर ने उनसे सवाल किया कि खराब सड़कों और अस्पतालों पर आपकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है लेकिन जब महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) आते हैं, तब ही आप शहर में एक्टिव होते हैं. उसके बाद आप दिखाई नहीं देते हैं.
‘प्रभारी मंत्री को आप निर्देश नहीं दोगे’
इसपर मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जवाब देते हुए कहा, ‘आपके संज्ञान के लिए कह रहा हूं कि सालभर का चार्ट निकालकर देख लेना. चार्ट निकालकर फिर बात करना. कितने बार प्रभारी मंत्री आता है और प्रभारी मंत्री को आप निर्देश नहीं दोगे. आप समस्या के लिए मुझे अवगत कराओ, मैं सहमत हूं. आप एक जागरूक पत्रकार हो, मेरे भाई हो, पर ये जो भाषा आप बोल रहे हो, इसको वापस लो. ये अच्छी बात नहीं है. ये अधिकार मैं किसी को नहीं देता हूं. समझ में आया.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा लेखा-जोखा मेरी पार्टी रखती है. मेरी सरकार रखती है और मैं आपको फिर कह रहा हूं कि ग्वालियर के हित में आपने बात बोली है, उन सारी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हमेशा सजग थी, सजग है और सजग रहेगी.’
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.