देवास नगर निगम के कर्मचारियों ने वेतन कटौती के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त दलीप सिंह और महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि काटा गया वेतन 3 दिन के भीतर वापस नहीं मिला, तो वे काम बंद हड़ताल कर देंगे। बता दें कि पिछले दिनों निगम आयुक्त ने राजस्व वसूली कम होने के चलते कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए थे। हर महीने काट रहे 3 से 4 हजार रुपए संगठन ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग द्वारा कर्मचारियों के वेतन में हर माह कटौती की जा रही है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का मासिक वेतन लगभग 14 हजार रुपए है। इसमें से भी 3 से 4 हजार रुपए की कटौती की जा रही है। कम वेतन में इतनी बड़ी राशि कटने से कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन जिम्मेदार होगा कर्मचारियों ने मांग की है कि काटा गया वेतन तीन दिनों के भीतर उनके खातों में वापस किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे कार्य बंद करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। महापौर प्रतिनिधि ने दिया आश्वासन वेतन कटौती के मुद्दे पर कर्मचारियों ने महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल से भी मुलाकात की। उन्होंने अग्रवाल से हस्तक्षेप कर बकाया वेतन दिलवाने का आग्रह किया। चर्चा के बाद दुर्गेश अग्रवाल ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि उनकी बकाया राशि का भुगतान जल्द करवा दिया जाएगा।
Source link