Last Updated:
T20 World Cup Tie Matches: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच हुए मैच ने रोमांच की सारी हदें पार कर दीं. इसका नतीजा एक नहीं, बल्कि दो-दो सुपर ओवर में निकला. कभी अफगानिस्तान तो कभी साउथ अफ्रीका के पलड़े में मुकाबला झुकता नजर आया, लेकिन अंत में बाजी प्रोटियाज टीम ने मारी. यह पहला मौका नहीं था, जब टी20 वर्ल्ड कप में टाई मुकाबला खेला गया है. इससे पहले 5 मैच टाई हो चुके हैं. आइए आपको सभी 5 मुकाबलों के बारे में बताते हैं.
साउथ अफ्रीका ने बुधवार (11 फरवरी, 2026) को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैच में अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर के रोमांचक मुकाबले में हरा दिया. अहमदाबाद में खेले गए ग्रुप डी के इस मैच में पहले साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान की टीम भी 187 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह मैच टाई हो गया. मैच का फैसला करने के लिए सुपर ओवर खेला गया. लेकिन रोमांच यहीं नहीं रुका. पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 18-18 रन बना दिए. अब मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया और दूसरा सुपर ओवर कराया गया.
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 23 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही गेंद पर एक विकेट गिर गया. अब रहमानुल्लाह गुरबाज पर जिम्मेदारी थी. उन्हें जीत के लिए आखिरी चार गेंदों पर चार छक्कों की जरूरत थी. गुरबाज ने कमाल करते हुए केशव महाराज की गेंद पर लगातार तीन बड़े छक्के लगा दिए. मैच फिर से अफगानिस्तान की पकड़ में आता दिखा. पांचवीं गेंद वाइड रही. अब हालात ऐसे थे कि जीत के लिए 6 रन चाहिए थे. अगर चौका लग जाता तो मुकाबला तीसरे सुपर ओवर में चला जाता. दबाव के बीच केशव महाराज ने हिम्मत दिखाई और एक शानदार वाइड यॉर्कर फेंकी. गुरबाज ने जोरदार शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे प्वाइंट पर खड़े डेविड मिलर के हाथों में चली गई. इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने यह रोमांचक मुकाबला जीत लिया और अफगानिस्तान की यादगार जीत का सपना टूट गया.
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का पहला सुपर ओवर न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला गया था. यह मुकाबला 2012 के टूर्नामेंट में कैंडी में ग्रुप स्टेज में हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 7 विकेट पर 174 रन बनाए, लेकिन वे इस स्कोर का बचाव नहीं कर सके. श्रीलंका ने भी 6 विकेट पर 174 रन बना लिए. इस तरह मैच टाई हो गया और फैसला सुपर ओवर से हुआ. सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की और 13 रन बनाए. इसके बाद लसिथ मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी की और सिर्फ सात ही रन दिए, जिससे श्रीलंका को यादगार जीत मिली.
Add News18 as
Preferred Source on Google
2012 टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को एक और सुपर ओवर खेलना पड़ा. इस बार उनका मुकाबला पल्लेकेले में वेस्टइंडीज से था. न्यूजीलैंड की गेंदबाजी अच्छी रही और उन्होंने वेस्टइंडीज को 139 रन पर ऑलआउट कर दिया, लेकिन बल्लेबाजी में वे मैच खत्म नहीं कर सके और 7 विकेट पर 139 रन ही बना पाए. इस तरह मैच टाई हो गया और सुपर ओवर में पहुंच गया.
सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए. रॉस टेलर ने एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. लेकिन यह स्कोर जीत के लिए काफी नहीं था. वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और मार्लन सैमुअल्स ने शानदार बल्लेबाजी की और सिर्फ पांच गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. दोनों ने एक-एक छक्का लगाया. इस तरह वेस्टइंडीज ने रोमांचक अंदाज में जीत दर्ज की और न्यूजीलैंड को एक और सुपर ओवर में हार झेलनी पड़ी.
2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी दो ऐसे मुकाबले खेले गए, जिनमें सुपर ओवर का रोमांच देखने को मिला. एक मुकाबले में यूएसए ने उलटफेर करते हुए पाकिस्तान को शिकस्त देकर चौंका दिया था. ग्रुप ए के एक मैच में अमेरिका का सामना पाकिस्तान से हुआ था. पाकिस्तान ने खराब शुरुआत के बाद वापसी की और 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए. जवाब में यूएसए ने शानदार बल्लेबाजी की. आखिरी ओवर में टीम को 14 रन चाहिए थे और उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्कोर बराबर कर दिया. इस तरह मैच टाई हो गया और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया.
सुपर ओवर में यूएसए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 19 रन का लक्ष्य दिया. जवाब में पाकिस्तान की टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी. सौरभ नेत्रवलकर की शानदार गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान सिर्फ 13 रन ही बना पाया. इस तरह यूएसए ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की. यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक है.
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ही ग्रुप बी का नामीबिया और ओमान के बीच खेला गया मैच भी सुपर ओवर में पहुंचा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम सिर्फ 109 रन ही बना सकी. लक्ष्य बड़ा नहीं था, लेकिन नामीबिया को जीत के लिए आखिरी ओवर में 5 रन चाहिए थे. हालांकि, स्कोर बराबरी पर ही रहा. सुपर ओवर में डेविड वीज और गेरहार्ड इरास्मस ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 21 रन बना डाले. इसके बाद डेविड वीज ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और ओमान को सिर्फ 10 रन पर रोक दिया. इस तरह मैच नामीबिया ने अपने नाम कर लिया.
भारत और पाकिस्तान के बीच 2007 में खेला गया ग्रुप मैच भी टाई रहा था. हालांकि, इसका नतीजा सुपर ओवर से नहीं निकला, बल्कि बॉल आउट हुआ था. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 141 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान ने भी निर्धारित 20 ओवर में इतने ही रन बनाए दिए, जिससे मैच टाई हो गया. इसके बाद बॉल आउट हुआ, जिसे भारत ने 3-0 से अपने नाम कर मुकाबला जीत लिया. यह टी20 वर्ल्ड कप के सबसे यादगार मुकाबलों में से एक है.