झाबुआ जिले में छात्र नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष नटवर डोडियार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने SP को ज्ञापन सौंपा और दर्ज किए गए केस को तुरंत वापस लेने की मांग की। नेता बोले- छात्रों की मदद करने पर की FIR यह पूरा मामला मॉडल स्कूल पाड़लवा के विद्यार्थियों के आंदोलन का है। बीते 30 जनवरी को स्कूल में पानी, बिजली और खेल के मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर छात्र 16 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे। नेताओं ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा और उनकी मांगों को मजबूती देने के लिए एनएसयूआई जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार और नीलेश गणावा ने इस यात्रा का साथ दिया था। लेकिन, प्रशासन ने इन छात्र नेताओं पर ही केस दर्ज कर लिया, जिसे युवा कांग्रेस ने गलत और दमनकारी बताया है। विधायक कार्यालय से एसपी दफ्तर तक किया मार्च प्रदर्शन से पहले सभी कार्यकर्ताओं ने विधायक कार्यालय पर एक बैठक की। इसके बाद यहां से पैदल मार्च निकालते हुए सभी कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सामूहिक रूप से अपना गुस्सा जाहिर किया। नटवर डोडियार ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों के लिए आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ऐसी कार्रवाई करके युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। एसपी ने दिया जांच का भरोसा प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद एसपी ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं को देखने के बाद जल्द ही जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से अधिवक्ता लौकेन्द्र बिलवाल, प्रकाश परमार, विनोद मेडा सहित जिले भर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link