करंट से बच्ची और किसान की मौत: बाल्टी में लगी गर्म पानी करने की रॉड 5 साल की मासूम ने डाला हाथ – Raisen News

करंट से बच्ची और किसान की मौत:  बाल्टी में लगी गर्म पानी करने की रॉड 5 साल की मासूम ने डाला हाथ – Raisen News




रायसेन जिले में गुरुवार को करंट लगने से दो अलग-अलग हादसों में एक पांच वर्षीय बच्ची और एक किसान की मौत हो गई। घटनाएं बेगमगंज और सिलवानी थाना क्षेत्रों में हुईं। पहला हादसा बेगमगंज थाना क्षेत्र के हदाईपुर गांव में हुआ, जहां सुरेंद्र जैन की पांच वर्षीय बेटी स्वस्ति जैन की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि बच्ची ने गर्म पानी करने वाली रॉड लगी बाल्टी में हाथ डाल दिया था, जिससे उसे करंट लग गया। दूसरा हादसा सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम जूनिया में हुआ। यहां 45 वर्षीय किसान हरिशंकर यादव अपने खेत पर बिजली लाइन की चपेट में आ गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सिलवानी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वस्ति जैन के परिजनों ने शुरुआत में बच्ची का पोस्टमार्टम (पीएम) कराने से इनकार कर दिया था। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टर को लिखित रूप से इसकी जानकारी दी और शव को घर ले गए। पुलिस को भी पीएम न कराने का निवेदन किया गया। हालांकि, अस्पताल से थाने में अज्ञात कारणों से करंट लगने की सूचना पहुंचने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। जब परिजन बच्ची के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान पहुंच गए थे, तब पुलिस ने उन्हें समझाया कि नियमानुसार पीएम कराना आवश्यक है। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन तैयार हुए और शव को दोबारा सिविल अस्पताल ले जाया गया। पीएम के बाद परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में शव को पलकमति वाले श्मशान में दफन कर दिया। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले पीएम न कराने की मौखिक सहमति दी थी, लेकिन बाद में जोर डाला। वहीं, पुलिस का कहना है कि मर्ग की सूचना मिलने पर नियमानुसार पीएम कराना अनिवार्य था, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



Source link