विदिशा में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर चोरी: लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ – Vidisha News

विदिशा में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर चोरी:  लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ – Vidisha News




विदिशा में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। पुरानी कृषि उपज मंडी क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चुरा लिए। चोरी गए सामान की कीमत 4 से 5 लाख रुपए आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक कल्लू कुशवाह हम्माली का काम करते हैं। घटना के समय वे अपने काम पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। बच्चे नानी के घर पर थे, जिसके कारण मकान सूना था। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया। उन्होंने चैनल गेट का ताला तोड़ा और घर में घुसकर अलमारी खंगाल डाली। अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र, चेन, कान के टॉप्स, चार जोड़ी चांदी की पायल, बिछिया और नगद रुपए गायब मिले। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब कल्लू कुशवाह की बेटी घर पहुंची, तो उसने चैनल गेट का ताला टूटा हुआ और घर का सामान बिखरा हुआ पाया। यह देखकर उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।



Source link