T20 World Cup 2026 Today Three Matches: टी20 विश्व कप 2026 के रोमांच में फैंस डूबे हुए हैं. फैंस को लगभग हर दिन कोई न कोई रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है. ग्रुप स्टेज में अब तक 18 मैच खेले जा चुके हैं. मतलब यह कि हर टीम एक या फिर दो मैच खेल चुकी है. 18वां मुकाबला ग्रुप ए के तहत भारत और नामीबिया के बीच हुआ, जिसमें टीम इंडिया ने 93 रनों से बड़ी जीत हासिल की. टीम इंडिया ने 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे, फिर नामीबिया को 18.2 ओवरों में 116 रनों पर समेट दिया. अब आज यानी 13 तारीख को कुल तीन मैच होने हैं. ये मैच किन टीमों के बीच होंगे, कहां-कहां होंगे और कौन सी बड़ी टीम आज तबाही मचाने मैदान पर उतरेगी? आइए जान लेते हैं.
दरअसल, टी20 विश्व कप का आगाज 7 फरवरी से हुआ था. 10वें एडिशन का आज सातवां दिन है. शुक्रवार यानी आज कुल तीन मैच होने हैं. सुबह 11 बजे से लेकर रात तक लगातार मैच खेले जाएंगे. आज जो सबसे बड़ी टीम मैदान में उतरेगी, वह ऑस्ट्रेलिया है, जिसे जिम्बाब्वे से भिड़ना है. यह दिन का पहला मैच है. इसके बाद कनाडा बनाम यूएई और यूएसए बनाम नीदरलैंड्स के बीच भिड़ंत होगी.
पहला मैच- ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे
पहला मुकाबला ग्रुप बी के तहत ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. ऑस्ट्रेलिया अपना पहला मैच जीत चुकी है, जबकि जिम्बाब्वे ने भी अपना पहला मैच जीता था. दोनों के पास 2-2 अंक हैं. इसलिए दोनों टीमें यह मैच जीतकर 4 अंक करना चाहेंगी. मुकाबला सुबह 11 बजे से शुरू होगा.
दूसरा मैच- कनाडा बनाम यूएई
दिन का दूसरा मुकाबला कनाडा बनाम यूएई के बीच है, जो दोपहर 3 बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों को अपने पहले मैच में हार मिली थी. इसलिए दोनों जीत के साथ खाता खोलना चाहेंगी.
तीसरा मैच- यूएसए बनाम नीदरलैंड्स
दिन का तीसरा यानी आखिरी मैच नीदरलैंड्स और यूएसए के बीच चेन्नई में होगा. शाम 7 बजे से मैच शुरू होगा. नीदरलैंड्स को पहले मैच में जीत मिली थी, जबकि यूएसए अपने दोनों मैच हार चुका है. उसके लिए यह मैच बेहद अहम है. मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: बाकी टीमें तो कोसों दूर हैं…Team India बनाने जा रही है वो वर्ल्ड रिकॉर्ड जो क्रिकेट इतिहास में ‘अमर’ हो जाएगा!