T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. क्रिकेट के मैदान पर जब ये दो टीमें एक-दूसरे से भिड़ती हैं, तो रोमांच अपने चरम पर होता है. भारत और पाकिस्तान की टीमें केवल ICC और ACC टूर्नामेंट्स में ही एक-दूसरे के खिलाफ खेलती हैं. टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारत का पाकिस्तान पर दबदबा कायम है.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तानी टीम पर पलड़ा भारी है. भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक 8 मैच खेले गए हैं. इन 8 मुकाबलों में से 7 मैच भारत ने और 1 मैच पाकिस्तान ने जीता है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ एकमात्र जीत 2021 टी20 वर्ल्ड कप में मिली थी. तब पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था. टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अभी तक 16 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 13 मुकाबले जीते हैं. वहीं, 3 मैचों में पाकिस्तान ने बाजी मारी है.
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन
पाकिस्तान ने साल 2009 में लॉर्ड्स के मैदान पर फाइनल में श्रीलंका को हराकर यूनिस खान की कप्तानी में अपना पहला और इकलौता T20 वर्ल्ड कप टाइटल जीता था. पाकिस्तान ने 2007 और 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भी फाइनल तक का सफर तय किया था, इन दोनों मौकों पर उसे क्रमश: भारत और इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था.
भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
भारत ने साल 2007 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने तब पाकिस्तान को फाइनल में 5 रन से हराते ही इतिहास रच दिया था और पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इसके बाद भारत ने साल 2024 में अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. भारत ने फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 7 रन से मात देते ही दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने का कमाल किया था. अब सूर्यकुमार यादव के पास भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जिताकर इतिहास रचने का मौका है. ऐसा करते ही वह महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे महान कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे.