अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 लोगों से डेढ़ किलो चांदी मिली: मुरैना में डेढ़ लाख, एसयूवी कार मिली; किन्नर के घर डकैती मामले में 6 फरार – Morena News

अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 लोगों से डेढ़ किलो चांदी मिली:  मुरैना में डेढ़ लाख, एसयूवी कार मिली; किन्नर के घर डकैती मामले में 6 फरार – Morena News




अंबाह कस्बे में 17-18 जनवरी की रात किन्नर राबिया के घर हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने करीब एक माह बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 5 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से डेढ़ किलो चांदी, कुछ सोना, करीब डेढ़ लाख रुपए नगद और वारदात में इस्तेमाल एसयूवी वाहन बरामद किया गया है। बंधक बनाकर लूटे थे जेवर, नकदी और मोबाइल
जानकारी के अनुसार अंबाह निवासी राबिया किन्नर के घर पर सशस्त्र बदमाशों ने 17-18 जनवरी की रात धावा बोला था। बदमाशों ने राबिया और उनकी दो सहयोगियों को बंधक बनाकर उनके शरीर पर पहने जेवर और घर की अलमारी तोड़ दी थी। आरोपियों ने करीब 4 किलो चांदी, 22 तोला सोना, 4 लाख रुपए नगद और एक मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद अंबाह थाना पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी और पांच विशेष टीमें गठित की गई थीं। 500 से अधिक सीसीटीवी खंगाले, एसयूवी से खुली कड़ी
जांच के दौरान पुलिस, एफएसएल टीम और स्निफर डॉग की मदद से सुराग जुटाए गए, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मुरैना से लगे राजस्थान और उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद, फतेहाबाद, पिनहाट और धौलपुर क्षेत्रों में दबिश दी। लगभग 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध एसयूवी वाहन बार-बार उत्तर प्रदेश से अंबाह आते-जाते दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन की निगरानी कर एक संदेही को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूरे गिरोह की कड़ियां सामने आती चली गईं। मल्लाह गिरोह की संलिप्तता, मुखबिरी पर की वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चंबल और यमुना नदी किनारे सक्रिय मल्लाह गिरोह इस तरह की वारदातों को अंजाम देता है। आरोपियों ने बताया कि राजाखेड़ा निवासी मुस्लिम साईं की मुखबरी पर अंबाह में राबिया किन्नर के घर डकैती की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के पिनहाट (जिला आगरा) और दो आरोपियों को भिंड जिले के सिकरौदा गोरमी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में खुट्टी उर्फ लक्ष्मण सिंह तोमर निवासी धनैला कला (आगरा), राजकुमार निषाद निवासी कोटरे का पुरा (आगरा), प्रसाद उर्फ हरिप्रसाद निषाद निवासी हुमायूं पुर (आगरा), सुनील निषाद निवासी सिकरौदा (भिंड) और मुस्लिम साईं निवासी राजाखेड़ा शामिल हैं। इन सभी आरोपियों पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में डकैती सहित कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसडीओपी अंबाह रवी भदौरिया ने बताया कि किन्नर के घर हुई डकैती के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे चांदी, सोना, नगदी और एसयूवी वाहन बरामद किया गया है। शेष 6 फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। मामले में आगे की जांच जारी है।



Source link