अंजड़ श्याम मंदिर में फागुन की पहली एकादशी: फूलों से सजा बाबा का दरबार, उमड़ा जनसैलाब; भजनों पर झूमीं महिलाएं – Barwani News

अंजड़ श्याम मंदिर में फागुन की पहली एकादशी:  फूलों से सजा बाबा का दरबार, उमड़ा जनसैलाब; भजनों पर झूमीं महिलाएं – Barwani News




बड़वानी के अंजड़ में शुक्रवार को फागुन माह की पहली एकादशी (विजया एकादशी) के अवसर पर अंजड़ के श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्याम बाबा के लिए फागुन का महीना सबसे प्रिय माना जाता है, यही वजह है कि इस एकादशी पर दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। फूलों और स्वर्ण मुकुट से हुआ मनमोहक श्रृंगार एकादशी के पावन अवसर पर सेवादारों ने श्याम बाबा का अद्भुत श्रृंगार किया। विभिन्न प्रजाति के रंग-बिरंगे फूलों और सुंदर पोशाक (बागे) से बाबा के दरबार को सजाया गया। बाबा के सिर पर सुनहरी मुकुट, कानों में कुंडल और छत्र उनके स्वरूप को और भी मनमोहक बना रहे थे। मंदिर में स्थित भगवान पशुपतिनाथ, सालासर बालाजी और श्रीराम दरबार का भी विशेष सजावट के साथ पूजन किया गया। निशान लेकर पहुंचे भक्त, देर रात तक चले भजन दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में ‘निशान’ लेकर पैदल चलकर मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर दिनभर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंजता रहा। शाम 7 बजे हजारों भक्तों की मौजूदगी में संगीतमय महाआरती की गई। इसके बाद मंदिर प्रांगण में अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई, जिसमें भक्तों ने श्रद्धा के साथ आहुतियां दीं। रात 8 बजे से स्थानीय भजन गायकों ने श्याम भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर महिला श्रद्धालु झूमती नजर आईं। दिनभर चला प्रसादी का वितरण श्याम एकादशी प्रसादी ग्रुप की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही विभिन्न प्रकार के फलों और मिठाइयों का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद बांटा गया। शाम की महाआरती के बाद फलाहारी मिक्सचर का वितरण हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में अपनी अर्जी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।



Source link