बालाघाट में पुरानी रंजिश में वृद्ध की हत्या: जोगाटोला में बीच-बचाव करने आए बेटे को भी पीटा; आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में पुरानी रंजिश में वृद्ध की हत्या:  जोगाटोला में बीच-बचाव करने आए बेटे को भी पीटा; आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार – Balaghat (Madhya Pradesh) News




बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र के जोगाटोला (लिंगा पौनार) में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुरानी दुश्मनी में हुआ विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय रामकिशन ठाकरे का अपने ही गांव के गणेश उईके और उसके बेटे धनेश के साथ पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार की रात इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि गणेश और धनेश ने मिलकर रामकिशन पर हमला कर दिया और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। बीच-बचाव करने आए बेटे को भी पीटा जब रामकिशन का बेटा हर्षित अपने पिता को बचाने के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। पिता-पुत्र ने हर्षित के साथ भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। रात अधिक होने के कारण परिजनों को चोट की गंभीरता का अंदाजा नहीं लगा और उन्होंने रामकिशन को घर में सुला दिया। लेकिन अंदरूनी चोटों के कारण देर रात करीब 2 बजे रामकिशन ने दम तोड़ दिया। आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही तिरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी कौशल सूर्या ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज किया गया और आरोपी पिता गणेश उईके व पुत्र धनेश उईके को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को वारासिवनी कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।



Source link