भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला कल यानी रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत और पाकिस्तान दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में अभी तक दो-दो मैच जीते हैं. भारत या पाकिस्तान रविवार को जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह ग्रुप A से T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन जाएगी. भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया को सलाह दी है कि उसे टी20 वर्ल्ड कप के मैच में पाकिस्तान को हराने के लिए क्या काम करना होगा.
पाकिस्तान को हराने के लिए भारत को करना होगा ये काम
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा कि टीम इंडिया को पता है कि उन्हें किन एरिया में सुधार करने की जरूरत है. सुनील गावस्कर ने बताया कि ICC T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले भारत का टॉप ऑर्डर थोड़ी चिंता का विषय बना हुआ है. सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से कहा, ‘हुआ यह है कि टीम इंडिया ने समझ लिया है कि उन्हें किन एरिया में मजबूती की जरूरत है.’
सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया को दी बड़ी सलाह
सुनील गावस्कर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि टॉप ऑर्डर एक ऐसा एरिया है, जो भारत को थोड़ा परेशान करेगा. अगर अभिषेक शर्मा 100 प्रतिशत फिट नहीं होते हैं तो संजू सैमसन आएंगे. संजू सैमसन की काबिलियत पर कोई शक नहीं किया जा सकता है. हमने कई बार देखा है कि जब संजू सैमसन अच्छा खेल रहे होते हैं, तो वह किसी भी बॉलिंग अटैक को तबाह कर सकते हैं.’
अहम प्लेयर साबित हो सकते हैं संजू सैमसन
सुनील गावस्कर ने कहा, ‘लेकिन टेम्परामेंट संजू सैमसन की मेन दिक्कत रही है और यहीं पर सेलेक्शन जरूरी हो जाता है. इसलिए यह एक ऐसा एरिया है, जहां भारत थोड़ा परेशान हो सकता है. टीम इंडिया को पहले छह ओवर में अच्छी शुरुआत की जरूरत है और संजू सैमसन एक अहम प्लेयर साबित हो सकते हैं.’ टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तानी टीम पर पलड़ा भारी है. भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक 8 मैच खेले गए हैं. इन 8 मुकाबलों में से 7 मैच भारत ने और 1 मैच पाकिस्तान ने जीता है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ एकमात्र जीत 2021 टी20 वर्ल्ड कप में मिली थी. तब पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था. टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अभी तक 16 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 13 मुकाबले जीते हैं. वहीं, 3 मैचों में पाकिस्तान ने बाजी मारी है.