मिर्ची डालकर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त – Narsinghpur News

मिर्ची डालकर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:  मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त – Narsinghpur News




नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में मिर्ची पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करहैया खेड़ा निवासी राजेश मेहरा शुक्रवार रात अपनी पत्नी के साथ ग्राम खमरिया स्थित रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात्रि लगभग 9:30 बजे, जैसे ही वे खमरिया के स्वागत गेट के समीप पहुँचे, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। मोटरसाइकिल के पीछे बैठे आरोपी ने दंपती की आँखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया, जिससे वे असहज हो गए। इसके बाद आरोपियों ने झूमाझटकी कर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से अभिषेक सिंह लोधी को गिरफ्तार किया गया। अभिषेक से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी यशवंत पटेल के गोटेगांव में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल गोटेगांव पहुंचकर प्रभावी घेराबंदी की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में यशवंत पटेल (निवासी पिपरिया, थाना गोटेगांव) और अभिषेक सिंह लोधी (निवासी सूरवारी, थाना ठेमी) शामिल हैं। पुलिस ने इनसे लगभग 1,20,000 रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त लगभग 80,000 रुपये कीमत की टीवीएस कंपनी की रायडर मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) और 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी में निरीक्षक सौरभ पटैल, उपनिरीक्षक राहुल सोनकर, उपनिरीक्षक मुकेश बिसेन, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह सहित प्रधान आरक्षक बुधराम, आरक्षक लक्ष्मी नागपुर, दिलीप सिंह, नंदकिशोर, जितेंद्र राणा और संतोष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Source link