IND vs PAK, Suryakumar Yadav Press Conference: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का सामना करने से पहले शनिवार (14 फरवरी) को कप्तान सूर्यकुमार यादव मीडिया से रूबरू हुए. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एक के बाद एक मजेदार जवाब देकर मुकाबले से 24 घंटे पहले ही पाकिस्तान पर जोरदार काउंटर अटैक कर दिया. सबसे पहले तो उन्होंने भारतीय फैंस को राहत देते हुए कहा कि अगर पाक कप्तान सलमान अली आगा चाहते हैं तो हम जरूर इस मैच में अभिषेक शर्मा को खिलाएंगे.
भारत-पाक मैच से पहले अनोखे एक्शन वाले स्पिनर उस्मान तारिक को लेकर कुछ ज्यादा ही हाइप बना हुआ है. दिलचस्प बात ये है कि सिर्फ 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले तारिक को पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा अपना ट्रंप कार्ड बता रहे हैं. जब सूर्या से पूछा गया कि वो इस पाक स्पिनर से कैसे निपटेंगे तो उन्होंने मजेदार जवाब दिया.
उस्मान तारिक से कैसे निपटेगी टीम इंडिया?
15 फरवरी को होने वाले महाजंग से पहले टीम इंडिया की तैयारी और उस्मान तारिक को लेकर सूर्या ने कहा, ”हम बिना तैयारी के पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक के खिलाफ नहीं उतर सकते हैं. चाहे कोई सवाल सिलेबस से बाहर का ही क्यों न हो, आप उसे छोड़ नहीं सकते. वह एक अलग ही तरह के गेंदबाज हैं, लेकिन हम उनके सामने सरेंडर नहीं करेंगे.”
कुलदीप यादव की होगी एंट्री?
भारत-पाक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां स्पिनरों का रोल काफी अहम होने वाला है. टीम इंडिया के कप्तान ने हिंट दिया कि इस मैच में स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. सूर्या ने मजाकिया अंदाज में ही इसपर मुहर लगाते हुए कहा, ‘अगर आप चाहते हैं तो हम कुलदीप यादव को भी खिलाएंगे.
हैंडशेक विवाद पर क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
बता दें कि भारत-पाक मैच से पहले सलमान आगा ने हैंडशेक विवाद को लेकर कहा कि भारत पाकिस्तान मैच बिना किसी तनाव एक बेहतर खेल भावना से खेला जाना चाहिए. मेरा व्यक्तिगत सुझाव से उतना फर्क नहीं पड़ता आगे का फैसला मैनेजमेंट लेगा. हालांकि, हमारी टीम को हाथ मिलाने में कोई समस्या नहीं है. जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से इस बारे में सुझाव देने को कहा गया तो उन्होंने कहा, ”हम कल इस रहस्य को सुलझाएंगे और बताएंगे कि खेल जरूरी है या हाथ मिलाना. इसके लिए 24 घंटे इंतजार कीजिए, अच्छे से खाइए और सो जाइए.”
ये भी पढ़ें: अगर सलमान चाहते हैं तो हम अभिषेक को… बड़े दिलवाले हैं सूर्या, मान ली पाकिस्तान की ये डिमांड, कर दिया बड़ा ऐलान