Virat Kohli Gift To Rahmanullah Gurbaz: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में अफगानिस्तान को दर्दनाक हार का सामना करना पड़ा था. मैच भले ही साउथ अफ्रीकी टीम जीतने में कामयाब रही, लेकिन दिल अफगानिस्तान के स्टार बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज जीतने में कामयाब रहे थे. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उन्होंने 84 रनों की शानदार पारी खेली और फिर सुपर ओवर में हैट्रिक सिक्स जड़कर सनसनी मचा दी थी.
पूरी ताकत लगाने के बावजूद रहमानुल्लाह गुरबाज किस्मत से जंग हार गए थे. सुपर ओवर में दर्दनाक हार के बाद उनका दिल टूट गया था और वो रोते हुए भी दिखे थे. हालांकि, अब उनके चेहरे पर हंसी लौट आई है और इस मुस्कान की वजह बने हैं टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली.
गुरबाज को विराट कोहली ने दिया खूबसूरत तोहफा
शनिवार को रहमानुल्लाह गुरबाज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि विराट कोहली ने उन्हें बल्ला गिफ्ट किया है. अफगान खिलाड़ी ने आगे लिखा, ”विराट कोहली भाई, इतने शानदार तोहफे के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आप सिर्फ एक महान हस्ती ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं.”
रहमानुल्लाह गुरबाज के इस पोस्ट पर फैंस ढेर सारा प्यार बरसा रहे हैं. अफगान के तमाम फैंस भी विराट कोहली की इस जेस्चर से बेहद खुश हैं और उनके लिए प्यार और सम्मान जता रहे हैं. बता दें कि बुधवार (11 फरवरी) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में अफगानिस्तान को दर्दनाक हार का सामना करना पड़ा था.
सुपर ओवर में टूटा अफगानिस्तान का दिल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान का सफर अच्छा नहीं रहा है. राशिद खान की टीम को पहले न्यूजीलैंड ने हराया और फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ सांसें रोक देने वाले मुकाबले में भी किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में मैच टाई हो गया था. इसके बाद सुपर ओवर में भी मामला बराबरी का रहा. दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 23 रन बनाए. इसके जवाब में अफगान टीम 19 रन बना सकी थी. गुरबाज ने केशव महाराज के खिलाफ 3 लगातार छक्के जड़े, लेकिन अंतिम गेंद पर आउट हुए और उनके साथ पूरे अफगानिस्तान का दिल चकनाचूर हो गया था.
ये भी पढ़ें: जिस उस्मान तारिक पर उछल रहा पाकिस्तान, उसके खिलाफ क्या है टीम इंडिया का प्लान? सूर्यकुमार यादव ने बता दिया