रायसेन में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन पर कार्रवाई: माफिया भागे, पोकलैंड से रास्ता तोड़ा, पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त – Raisen News

रायसेन में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन पर कार्रवाई:  माफिया भागे, पोकलैंड से रास्ता तोड़ा, पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त – Raisen News




रायसेन जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार चौथे दिन (शनिवार) भी बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनन के लिए बने रास्ते तोड़े गए और पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। टीम ने बोरास रेत खदान पर दबिश दी। बोरास खदान पर अवैध उत्खनन रोकने के लिए पुराने बने मार्ग को पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की सहायता से पूरी तरह तोड़ दिया गया। इसके अतिरिक्त, बोरास में लावारिस पड़ी लगभग 30 ट्रॉली रेत खनिज को भी जेसीबी मशीन से नष्ट किया गया। तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई
कार्रवाई में तहसील उदयपुर के सोकलपुर घाट से रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। इन्हें देवरी थाने में खड़ा कराया गया। इसी तरह, तहसील बरेली में गोरा खदान से रेत भरकर अवैध परिवहन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर बरेली थाने में रखा गया। सभी जब्त वाहनों पर मध्य प्रदेश खनिज नियम 2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी और प्रकरण कलेक्टर के न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी महेंद्र पटेल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बरेली संतोष मुद्गल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुंवर सिंह मुकाती के मार्गदर्शन में की गई। इस अभियान में तहसीलदार दिनेश बरगले, थाना प्रभारी उदयपुर जसवंत सिंह ककोड़िया, सहायक खनिज अधिकारी सुमित गुप्ता और खनि निरीक्षक अर्चना ताम्रकार शामिल रहे।



Source link