भारत और पाकिस्तान के बीच महाजंग शुरू होने में कुछ ही घंटे बाकी हैं. शाम 7 बजे दोनों टीमें कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में एक-दूसरे को टक्कर देने उतरेंगी. इस मुकाबले में भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने वाली है ये हम नहीं बल्कि इसकी गवाही आंकड़े दे रहे हैं. हम आपको इस मुकाबले में होने वाली 5 सबसे बड़ी जंग बताने जा रहे हैं जो दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ियों के बीच होने वाली है.
1) साहिबज़ादा फरहान vs जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं क्योंकि उन्होंने एक के बाद एक शानदार पारियां खेली हैं. साहिबजादा फरहान की टक्कर टीम इंडिया के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह से होगी. पिछली बार जब वे T20I में एक-दूसरे से भिड़े थे, तो साहिबज़ादा फरहान ने एक ही गेम में जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर दो छक्के जमाए थे. तीन मैचों में, फरहान ने बुमराह की 34 गेंदों का सामना किया और बिना आउट हुए 51 रन बनाए. अब देखना होगा कि इस मुकाबले में बुमराह, फरहान से कैसे निपटते हैं.
2) बाबर आजम vs कुलदीप यादव
दूसरी टक्कर पाकिस्तान के बाबर आजम और कुलदीप यादव के बीच होगी. कुलदीप ने भले ही T20I में बाबर के सामने बॉलिंग नहीं की है, लेकिन वनडे में कुलदीप ने तीन मैचों में बाबर को दो बार आउट किया है. इस दौरान बाबर ने उन मैचों में 52 गेंदों पर 28 रन बनाए. हालांकि, कुलदीप यादव टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अभी तक दोनों टी20 मैच की प्लेइंग-XI में देखने को नहीं मिले हैं. लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ स्पिन पिच को देखते हुए उन्हें मौका मिल सकता है.
3) हार्दिक पांड्या vs उस्मान तारिक
उस्मान तारिक की गेंदबाजी के चर्चे तेज हैं. हार्दिक पांड्या इस गेंदबाज के खिलाफ एक अहम बैट्समैन हो सकते हैं. अगर तारिक बीच के ओवरों में, 7 से 16 तक बॉलिंग करते हैं तो इन दोनों के बीच टक्कर देखने को मिलेगी. तारिक का बॉलिंग एक्शन अजीब है उनका रुकना बैटर्स के लिए मुश्किलें खड़ी करता है.
4) ईशान-अभिषेक vs शाहीन शाह अफरीदी
ईशान किशन अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतर रहे हैं, ऐसे में ईशान और अभिषेक दोनों की ही टक्कर शाहीन शाह अफरीदी से होगी. दोनों ही बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं और शाहीन शाह अफरीदी पर अटैक करने की कोशिश कर सकते हैं. यह देखना जरूरी होगा कि शाहीन किशन के खिलाफ शॉर्ट बॉल का इस्तेमाल करते हैं या नहीं और बैटर कैसे रिस्पॉन्ड करता है.
ये भी पढे़ं.. ‘सुपरहिट’ मुकाबले से पहले गांगुली ने कही दिल की बात, बताया भारत जीतेगा या पाकिस्तान
5) शिवम दुबे vs अबरार अहमद
पाकिस्तान के स्टार अबरार अहमद, शिवम दुबे के रडार पर आ सकते हैं. उन्होंने 2025 में टी20 मुकाबलों में स्पिनर्स के खिलाफ जमकर रन बनाए हैं जिसमें रिस्ट स्पिन भी शामिल है. उन्होंने स्लो बॉलर्स के खिलाफ 193 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. ऐसे में अगर दुबे जम जाते हैं तो पाकिस्तान के रिस्ट स्पिनर्स अबरार अहमद और शादाब खान का टेस्ट हो सकता है.