भिंड शहर में महाशिवरात्रि पर्व पर आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर में 18वीं बार भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया, जिसे लेकर पूरे शहर में जश्न का माहौल रहा। विभिन्न प्रकार के डीजे, बैंड, ढोल-ताशों और तमाशों के साथ शिव बारात धूमधाम से निकाली गई। शिव बारात में बाबा वनखंडेश्वर महादेव को लाल बत्ती की सुसज्जित पालकी में विराजमान किया गया। मार्ग में निकली आकर्षक और मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस बार पहली बार विशाल नंदी पर भगवान शिव और माता पार्वती को विराजित कर विशेष झांकी प्रस्तुत की गई, जो बारात का मुख्य आकर्षण रही। इसके अलावा अघोरियों की टोली, डमरू दल की अद्भुत प्रस्तुति और सड़क पर गूंजते डमरू-नाद ने वातावरण को शिवमय बना दिया। शिव बारात में भूत-प्रेतों के स्वरूप में सजे कलाकार भी शामिल हुए, जिन्होंने लोगों का खासा ध्यान खींचा। पूरा शहर बाराती बना
शिव बारात के दर्शन और पूजन के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालु पूजा की थालियां लेकर खड़े नजर आए। महिलाओं और युवाओं ने भक्ति भाव के साथ नृत्य किया। देर रात तक पूरा शहर बाराती बना रहा। शिव बारात का शुभारंभ कलेश्वर काली माता मंदिर से किया गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां देर रात प्रतीकात्मक रूप से भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की रस्म संपन्न कराई जाएगी। शिव बारात में शामिल श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पावन आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
Source link