यूएसए और नामीबिया के बीच खेले गए मैच में अमेरिका ने नामीबिया को 31 रनों से करारी शिकस्त दी है. इसी के साथ नामीबिया 3 मैचों में लगातार 3 हार के साथ नॉकआउट हो चुकी है. पी चिदंबरम में खेले गए इस मुकाबले में अमेरिका ने पूरी तरह से मुकाबले में डॉमिनेट किया. इस जीत के साथ अमेरिका ने बैक टू बैक 2 जीत हासिल कर ली है. नामीबिया लगातार 3 बार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई है. अगर आज पाकिस्तान के खिलाफ भारत जीत जाता है, तो अमेरिका और पाकिस्तान दोनों एक बराबरी पर खड़े हो जाएंगे. ऐसे में अगर नामीबिया पाकिस्तान को जैसे-तैसे हरा देती है, तो पाकिस्तान का बंटाधार हो जाएगा. अब देखना दिलचस्प होगा की आगे क्या समीकरण बैठता है.
संजय की जबरदस्त पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिका की टीम ने दमदार शुरुआत की. ओपनर शयान जहांगीर और कप्तान मोनांक पटेल ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े. शयान ने 18 गेंदों में 22 रन बनाए. तीसरे नंबर पर आए सैतेजा मुक्कमल्ला ने 17 रन का योगदान दिया. कप्तान मोनांक पटेल शानदार लय में दिखे और 30 गेंदों पर 52 रन की तेज़ पारी खेलते हुए अर्धशतक पूरा किया. उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.संजय कृष्णमूर्ति ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 33 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए. मिलिंद कुमार ने 28 रन जोड़े, जबकि शुभम रंजने 5 रन बनाकर आउट हुए. गेंदबाजी में गेरहार्ड इरास्मस और विलेम मायबर्ग ने 2-2 विकेट हासिल किए.
31 रनों से मारी बाजी
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम ने पूरे 20 ओवर बल्लेबाज़ी की, लेकिन 6 विकेट खोकर 168 रन ही बना सकी. लॉरेन स्टीनकम्प ने टीम के लिए शानदार अर्धशतक लगाया. उन्होंने 39 गेंदों में 58 रन की पारी खेली. जेजे स्मिट ने 31 रन बनाए, जबकि जेन निकोल लॉफ्टी-ईटन ने 28 रन का योगदान दिया.
इसके अलावा जान फ्रायलिंक ने 19 रन बनाए और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस 6 रन बनाकर आउट हुए। लक्ष्य बड़ा था, लेकिन नामीबिया की टीम उसे हासिल नहीं कर सकी.
भारत अभी भी नंबर 1
ग्रुप ए के प्वाइंट्स टेबल की बात करें टीम इंडिया 2 मैचों में 2 जीत के साथ नंबर 1 है. वहीं, दूसरे नंबर पर पाकिस्तान 2 मुकाबले में 2 जीत के साथ कायम है. तीसरे पायदान पर यूएसए की टीम 4 मुकाबलों में 2 जीत के साथ तीसरे पायदान पर हैं. वहीं, प्वाइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर नीदरलैंड 1 जीत के साथ कायम है. वहीं, इस लिस्ट में आखिरी पायदान पर नामीबिया 3 मैच 3 हार के साथ कायम है.
ये भी पढे़ं: IND VS PAK: सलमान आगा के जाल में फंसे अभिषेक शर्मा, खाता भी नहीं खोल सका सबसे बड़ा मैच विनर