Ishan Kishan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंद दिया है. रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने 61 रनों से शानदार जीत दर्ज की. इसके साथ ही टी20 विश्व कप में अब स्कोरकार्ड भारत के हक में 8-1 हो चुका है. सलमान आगा की अगुवाई वाली टीम को सबसे गहरा जख्म ‘बिहार के लाल’ ईशान किशन ने दिया. बाएं हाथ के धाकड़ ओपनर ने 40 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेली.
बल्ले से पाकिस्तान को जख्म देने के बाद ईशान किशन ने बयान से पड़ोसियों पर नमक छिड़कने का काम किया. उन्होंने पाक के प्रीमियम तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का सरेआम मजाक उड़ाया. भारत की जीत के हीरो रहे ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
महंगे रहे पाकिस्तान के प्रीमियम गेंदबाज
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. पहले ओवर में ही अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. दबाव भरत पर था, लेकिन दूसरे ओवर की पहली गेंद से ही ईशान किशन ने प्रहार कर सारा प्रेशर पाकिस्तान पर ट्रांसफर कर दिया. उन्होंने शाहीन अफरीदी की पहली गेंद पर ही झन्नाटेदार छक्का जड़ा. इस ओवर में 17 रन बने. शाहीन अफरीदी के लिए ये मैच बिल्कुल यादगार नहीं रहा. उन्होंने दो ओवर में 15.50 की इकोनॉमी से रन लुटाते हुए 31 रन दिए.
ईशान ने शाहीन का उड़ाया मजाक
मैच खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत करते हुए ईशान किशन ने कहा, ”भारत बनाम पाकिस्तान का मैच न केवल हमारे लिए बल्कि हमारे देश के लिए भी हमेशा खास होता है। इसलिए हमें यह मैच जीतना ही था क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण मैच था और उनकी टीम में अच्छे स्पिनर थे। हमें बस अच्छे शॉट खेलने थे और हां, पाकिस्तान टीम के खिलाफ यह मैच जीतना बहुत जरूरी था.”
ईशान किशन ने आगे कहा कि जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था और शाहीन गेंदबाजी कर रहे थे, तब मुझे ऐसा नहीं लगा कि गेंद तेज गेंदबाजों के लिए कुछ खास कर रही थी, लेकिन जब हमारे तेज गेंदबाज (बुमराह और हार्दिक) गेंदबाजी करने आए तो ऐसा नहीं था. दोनों ने बहुत अच्छी बॉलिंग की. हम जानते हैं कि जसप्रीत बुमराह किस तरह की गेंदबाजी कर सकते हैं, चाहे उनके हाथ में नई गेंद हो या डेथ ओवरों में गेंदबाजी कर रहे हों. हार्दिक पांड्या को भी श्रेय जाता है कि उन्होंने गेंद को कसी हुई जगहों पर रखा, मैच से पहले हमने जो योजना बनाई थी उसी के अनुसार गेंदबाजी की और अपनी योजना को बखूबी अंजाम दिया.
ईशान किशन ने जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की तारीफ करते हुए पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का मजाक उड़ाया. वो कहना चाहते थे कि शाहीन की गेंदें उनके बिल्कुल परेशान नहीं कर रही थी, लेकिन बुमराह-हार्दिक इस पिच पर जलवा दिखाने में कामयाब हुए.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK मैच में पारा हाई… पहली बार इतने गुस्से में दिखे शिवम दुबे, बीच मैदान इस खिलाड़ी पर हुए आगबबूला