Last Updated:
Suryakumar Yadav Instagram Post: कोलंबो में भारत ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप में रौंद डाला, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. भारतीय कप्तान ने इंस्टाग्राम पर इस मैच की झलकियां शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘हर हर महादेव.’ सूर्या के इस पोस्ट पर कमेंट्स की बाढ़ सी आ गई है. यूजर्स पाकिस्तान को चिढ़ाने में लग गए हैं.
सूर्यकुमार यादव ने किया इंस्टाग्राम पोस्ट
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान पर जीत का सिलसिला बरकरार रखते हुए आठवीं बार विजय प्राप्त की. टी20 वर्ल्ड कप के मौजूदा सीजन में कोलंबो में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई, जिसमें भारत ने 61 रन से पाकिस्तान को धूल चटाई. मैच खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का इंस्टाग्राम पोस्ट सुर्खियों में आ गया, जिसके सहारे फैंस पाकिस्तान को चिढ़ाने लगे. सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद टीम के साथ की कुछ फोटोज शेयर कीं, जिसके साथ कैप्शन में लिखा, ‘हर हर महादेव.’
भारत ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. ईशान किशन (77) की तूफानी बैटिंग के बाद गेंदबाजों ने कमाल दिखाया. जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने शुरुआती दो ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर की धज्जियां उड़ा दीं और मुकाबले में बहुत पीछे कर दिया. इस जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने जो पोस्ट किया, उस पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, ‘बढ़िया रणनीति सूर्या भाऊ.’ वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘हर हर महादेव कैप्शन यही होगा पता था धन्यवाद सूर्य दादा रविवार अच्छा बनाने के लिए.’
जीत के बाद क्या बोले सूर्यकुमार?
सूर्यकुमार यादव ने जीत के बाद कहा कि इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था और उन्होंने 175 रन बनाकर विरोधी टीम को मुकाबले से बाहर कर दिया. सूर्यकुमार ने कहा कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होता और वह 15 से 20 रन अधिक बनाने में सफल रहे. सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, ‘इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था. पहले बल्लेबाजी करते समय यह कहना मुश्किल था कि प्रतिस्पर्धी स्कोर कितना होता. लेकिन जैसे ही हम 175 पर पहुंचे तो हमें लगा कि हमने प्रतिस्पर्धी स्कोर से 15-20 रन अधिक बना लिए हैं. 155 रन पर यह बहुत करीबी मुकाबला होता.’
ईशान किशन की तारीफ में क्या बोले?
सूर्यकुमार ने ईशान किशन और बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा, ‘हमने वही क्रिकेट खेला जैसा हम चाहते थे. ईशान ने भी उसी तरह की बल्लेबाजी की जैसी वह पिछले मैचों और घरेलू क्रिकेट में करता रहा है. एक रन पर पहला विकेट (अभिषेक शर्मा) गिरने के बाद किसी को जिम्मेदारी लेनी थी और उसने कमाल कर दिया.’ उन्होंने कहा, ‘तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी की.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें