153 करोड़ रुपये की 34 एकड़ जमीन कब्जाने की कोशिश: सतना में सेल की जमीन हड़पने लोग बुलाए; आधे घंटे चला हंगामा – Satna News

153 करोड़ रुपये की 34 एकड़ जमीन कब्जाने की कोशिश:  सतना में सेल की जमीन हड़पने लोग बुलाए; आधे घंटे चला हंगामा – Satna News




सतना में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की बाबूपुर स्थित 153 करोड़ रुपये मूल्य की 34 एकड़ 89 डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जे का एक और प्रयास किया गया। रविवार दोपहर आदतन अपराधी बालगोविंद चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों की भीड़ मौके पर पहुंच गई, जिससे हंगामा मच गया। सूचना मिलने पर रामस्थान राजस्व सर्किल के नायब तहसीलदार राजेश सिंह और चौकी प्रभारी शुभम नागभिरे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लगभग आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद, सख्त कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित किया गया। भीड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सेल की संपत्तियों पर अवैध कब्जे की यह दूसरी बड़ी कोशिश है। इससे पहले 5 जनवरी को भी इसी तरह की एक कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया था। जानकारों का आरोप है कि इस पूरे खेल के पीछे सियासी संरक्षण प्राप्त सफेदपोश लोग हैं, जो ‘घर के लिए सस्ती जमीन’ का झांसा देकर भीड़ जुटाते हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि यदि सेल के जिम्मेदार अधिकारी समय रहते अपनी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करते हैं, तो मुफ्त में भूमि हड़पने की होड़ में कभी भी खूनी संघर्ष हो सकता है। फिलहाल, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, नायब तहसीलदार राजेश सिंह ने बीजेसीएल (भिलाई-जेपी सीमेंट लिमिटेड) के स्थानीय लाइजनिंग ऑफिसर (लैंड) विजय सिंह को तलब किया। उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि वे अपनी संपत्तियों के संरक्षण के लिए तत्काल कानूनी प्रक्रिया पूरी करें, अन्यथा कानून व्यवस्था बिगड़ने पर सारी जिम्मेदारी उनकी होगी।



Source link