Last Updated:
Khargone News: रोजगार मेलों में शामिल लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं पास रखी गई है. वहीं उम्मीदवार की उम्र 18 से 35 साल के बीच होनी चाहिए. इसका मतलब है कि कम पढ़े-लिखे युवा भी आसानी से इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं और अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं.
खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के युवाओं के लिए खुशखबरी है. जिला प्रशासन की ओर से रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए 16 से 19 फरवरी तक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है. इन मेलों में निजी कंपनियां सीधे युवाओं का चयन करेंगी. खास बात यह है कि कम पढ़े-लिखे उम्मीदवार भी इसमें भाग ले सकते हैं और चयन होने पर उन्हें नौकरी के साथ रहने और खाने की सुविधा भी मिलेगी. जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के तहत यह रोजगार शिविर क्लस्टर स्तर पर ग्राम पंचायतों में लगाए जाएंगे. इन शिविरों का उद्देश्य गांव और छोटे कस्बों के युवाओं को उनके क्षेत्र के पास ही रोजगार के मौके देना है ताकि उन्हें शहरों में भटकना न पड़े और वे सीधे कंपनियों से जुड़ सकें. इस रोजगार मेले में प्रतिभा सिंटेक्स लिमिटेड द्वारा मशीन ऑपरेटर के पदों पर भर्ती की जाएगी. यह कंपनी औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में स्थित है और यहां काम करने वाले युवाओं को नियमित वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी.
जिला रोजगार अधिकारी प्रीतिबाला सस्ते ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार शिविर अलग-अलग तारीख और स्थान पर आयोजित होंगे. 16 फरवरी को सेगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत में, 17 फरवरी को ग्राम पंचायत केली में, 18 फरवरी को भीकनगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत बमनाला में और 19 फरवरी को ग्राम पंचायत गोराडिया में शिविर लगाए जाएंगे. हर दिन अलग स्थान पर कैंप लगाकर अधिक से अधिक युवाओं को मौका देने की कोशिश की जा रही है.
शैक्षणिक योग्यता क्या है?
इन रोजगार मेलों में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं पास रखी गई है. वहीं उम्मीदवार की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इसका मतलब है कि कम पढ़े-लिखे युवा भी आसानी से इस मौके का फायदा उठा सकते हैं और अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं.
चयनित उम्मीदवारों को मिलेगी ये सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को कंपनी की ओर से 9119 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा. इसके साथ ही रहने के लिए मुफ्त हॉस्टल सुविधा और एक समय का भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा. नौकरी का स्थान पीथमपुर रहेगा, जहां कंपनी का प्लांट स्थित है. इससे बाहर से आने वाले युवाओं को भी रहने की चिंता नहीं रहेगी.
शामिल होने के लिए जरूरी दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे. इसमें रिज्यूमे/सीवी, रोजगार कार्यालय का पंजीयन, समग्र आईडी, आधार कार्ड, शैक्षणिक अंकसूचियां, अन्य प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं. सभी दस्तावेज पूरे होने पर ही उम्मीदवार को चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.
रोजगार मेले संबंधी ज्यादा जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय खरगोन के हेल्पलाइन नंबर 07282-232787 पर संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे तय तारीख पर अपने नजदीकी ग्राम पंचायत में पहुंचकर इस रोजगार अवसर का लाभ जरूर उठाएं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.