रतलाम में मंगलवार रात थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत 80 फीट रोड स्थित एक मोमोज दुकान पर कॉलेज छात्रों के बीच विवाद हो गया। विवाद एक छात्रा को घूरकर देखने और छेड़छाड़ के आरोप को लेकर हुआ, जो कुछ ही देर में सड़क पर मारपीट में बदल गया। छात्रा अपने सहपाठी के साथ बैठी थी जानकारी के अनुसार रतलाम के आयुर्वेदिक कॉलेज की एक छात्रा अपने सहपाठी के साथ मोमोज दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे। छात्रा की ओर घूरकर देखने और कथित छेड़छाड़ को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। फोन कर साथियों को बुलाया छात्रा ने तुरंत अपने अन्य सहपाठियों को फोन कर पूरी बात बताई। कुछ ही देर में कॉलेज के पांच छात्र मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले बातचीत हुई, लेकिन माहौल जल्द ही गरमा गया। सड़क पर लाठी-घूंसे चले देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। जमकर लात-घूंसे और लाठियां चलीं। जिसके हाथ में जो सामान आया, उसी से एक-दूसरे पर वार किया गया। कुछ लोगों ने दावा किया कि लाठी और हॉकी जैसे सामान भी इस्तेमाल किए गए। वहीं इस दौरान सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारने के वीडियो भी सामने आए है। अफरा-तफरी और वीडियो वायरल मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बना लिए। वीडियो में युवक एक-दूसरे को सड़क पर मारते और दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक पक्ष के पांच छात्रों और दूसरे पक्ष के दो युवकों को थाने लेकर आई। हालांकि किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। बताया जा रहा है कि आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्र और छात्रा रतलाम के बाहर के रहने वाले हैं। आगे की पढ़ाई पर असर न पड़े, इस कारण दोनों पक्षों ने शिकायत करने से परहेज किया। दोनों पक्षों के अलग-अलग आरोप एक छात्र ने बताया कि उसकी बहन मोमोज दुकान पर थी, जहां कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की। फोन आने पर वह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसका आरोप है कि सामने वाले युवकों ने पहले हमला किया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि कॉलेज के छात्रों ने उन पर हमला किया। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अपनी ओर से एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष के दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है, ताकि आगे ऐसी घटना दोबारा न हो।
Source link