हाईवे पर कंटेनर में ड्राइवर ने की आत्महत्या: मैहर में एनएच 30 पर वाहन के बाहर मिला शव, प्रयागराज से डिलीवरी देकर लौट रहा था – Satna News

हाईवे पर कंटेनर में ड्राइवर ने की आत्महत्या:  मैहर में एनएच 30 पर वाहन के बाहर मिला शव, प्रयागराज से डिलीवरी देकर लौट रहा था – Satna News




मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर बुधवार दोपहर एक कंटेनर चालक ने अपने वाहन के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव सड़क किनारे खड़े कंटेनर से लटका मिला। अमरपाटन टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि मृतक की पहचान मुकेश रावत (40 वर्ष) पिता नाइके रावत के रूप में हुई है। वह शिवपुरी जिले के ग्राम जरवाली का निवासी था। मुकेश एक निजी परिवहन कंपनी में कंटेनर चालक के रूप में कार्यरत था। प्रयागराज डिलीवरी देकर लौट रहा था
मुकेश रावत नासिक से स्कॉर्पियो वाहन प्रयागराज पहुंचाने गया था। डिलीवरी पूरी करने के बाद वह एक अन्य कंटेनर के साथ प्रयागराज से वापस लौट रहा था। अमरपाटन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 के अमरपाटन बायपास के पास पहुंचने पर मुकेश ने अपना कंटेनर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद जब मुकेश ने कंपनी के फोन कॉल का जवाब नहीं दिया, तो कंपनी प्रबंधन ने साथ चल रहे दूसरे कंटेनर चालक को उसकी स्थिति जानने के लिए वापस भेजा। दूसरे चालक ने मौके पर पहुंचकर देखा तो मुकेश का शव कंटेनर के बाहर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।



Source link