T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 की तस्वीर साफ हो गई है. बुधवार (18 फरवरी) को पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. इसके साथ ही एक ऐसा संयोग सामने आया है, जिसे देखकर 140 करोड़ भारतीयों की सिरदर्दी निश्चित तौर से बढ़ जाएगी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त हो चुका है. कंगारुओं ने इस टूर्नामेंट में बेहद खराब प्रदर्शन किया और उन्हें श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था.
मंगलवार को जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ और इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्टेज ही बाहर हो गई. लेकिन, पाकिस्तान के तमाम फैंस ऑस्ट्रेलिया के पैकअप से खुश हैं. इसके पीछे की बड़ी वजह से 1992 से चल रहा वो संयोग, जो भारत सहित बाकी टीमों के लिए टेंशन का सबब बन सकता है.
ऑस्ट्रेलिया का बाहर होना पाकिस्तान के लिए क्यों शुभ?
वैसे तो किसी खेल में जब तक टीम बेहतर प्रदर्शन नहीं करती है, उसका जीतना मुश्किल होता है, लेकिन कभी-कभी किस्मत का साथ होना भी बहुत जरूरी है. पाकिस्तान के हक में एक ऐसा ही किस्मत कनेक्शन है, जो उसे टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन बना सकता है. दरअसल, 1992 से लेकर अब तक आईसीसी के कोई भी बड़े इवेंट में जब-जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर हुआ है, पाकिस्तान वो टूर्नामेंट जीतने में कामयाब रहा है. यकीन करना मुश्किल है ना? लेकिन ये सच है. इसकी शुरुआत 1992 के वर्ल्ड कप से हुई थी.
1992 से पाकिस्तान के साथ ये किस्मत कनेक्शन
1992 विश्व कप में इमरान खान की अगुवाई में पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप जीता था. उस टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी. इसके बाद 2009 टी20 वर्ल्ड कप में भी ऐसा ही हुआ. कंगारू टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई और यूनुस खान की अगुवाई में पाकिस्तान ने पहली बार टी20 विश्व कप पर कब्जा जमाया. 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में भी यही संयोग बना जो सच साबित हुआ. इस बार तो भारत को ही गहरा जख्म मिला था क्योंकि सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान ने इंग्लैंड में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में टीम इंडिया को पटखनी देकर खिताब अपने नाम किया था.
2026 में भी बना ये संयोग
9 साल बाद एक बार फिर ऐसा ही संयोग बन रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है और पाकिस्तान ने सुपर-8 तक का सफर तय कर लिया है. हालांकि, किस्मत के साथ-साथ पाकिस्तान को खेल से भी कनेक्शन जोड़ना होगा, क्योंकि बिना अच्छा खेले ये टूर्नामेंट जीतना आसान नहीं होगा. ये संयोग देखकर भारतीय फैंस थोड़े टेंशन में जरूर हैं, लेकिन उनको खुश करने के लिए ये भी बता दें कि वर्ल्ड कप में जब-जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, तब-तब भारत विश्व चैंपियन बना है. 1983 और 2007 इस बात का गवाह है.
ये भी पढ़ें: साहिबजादा फरहान का रिकॉर्ड बुक हिलाने वाला शतक, बदल दिया T20 वर्ल्ड कप का इतिहास, पहली बार हुआ ऐसा