सुपर-8 में पहुंचा पाकिस्तान, T20 वर्ल्ड कप 2026 में अब किस दिन भारत से जंग? समझें पूरा समीकरण

सुपर-8 में पहुंचा पाकिस्तान, T20 वर्ल्ड कप 2026 में अब किस दिन भारत से जंग? समझें पूरा समीकरण


India vs Pakistan Scenario, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब और बढ़ने वाला है. ग्रुप स्टेज के बाद 20 में से 12 टीमों का सफर समाप्त हो गया, जिनमें ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान का नाम शामिल है. वहीं, जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में जगह बनाकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी. भारत के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान ने भी दमदार वापसी की और उन्होंने नामीबिया को हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया था. 15 फरवरी को ये दोनों टीमें आमने-सामने हुई. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने सलमान अली आगा की सेना को 61 रनों से रौंद दिया. कहने के लिए तो भारत-पाक क्रिकेट के मैदान पर चिर प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों में मामला भारत की तरफ एकतरफा रहा है.

सुपर-8 में नहीं होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला?

Add Zee News as a Preferred Source


दुनियाभर के क्रिकेट फैंस ये जानने को बेताब हैं कि इस टूर्नामेंट में फिर कब भारत और पाकिस्तान का सामना हो सकता है. उन तमाम फैंस को पहले तो ये बता दें कि सुपर-8 स्टेज में ऐसा नहीं होने वाला है. इसके पीछे की बड़ी वजह ये है कि सुपर-8 में जगह बनाने वाली टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-1 में भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे है. वहीं, ग्रुप-2 में पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका और न्यूजीलैंड है.

सुपर-8 में सभी टीमें अपने ग्रुप में मौजूद बाकी टीमों से 1-1 मुकाबला खेलेगी. इसका मतलब ये है कि भारत का मुकाबला साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से होगा और पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड, श्रीलंका और न्यूजीलैंड से भिड़ेगी.

क्या सेमीफाइनल में होगा भारत-पाकिस्तान का आमना-सामना?

सुपर-8 में तो भारत और पाकिस्तान का मुकाबला नहीं होगा, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में दोनों टीमें टक्कर ले सकती हैं. हालांकि, इसके लिए भी एक गणित है.

सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान का मैच तभी हो सकता है, जब सुपर-8 में भारत अपने ग्रुप में टॉप पर रहे और पाकिस्तान अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर. इसका उल्टा भी हुआ तो भारत-पाकिस्तान मैच ऑन है. मतलब पाकिस्तान अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहे और भारत अपने ग्रुप में दूसरे नंबर पर.

भारत-पाकिस्तान फाइनल का क्या है समीकरण?

फाइनल का समीकरण तो साफ है. अगर भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचते हैं और वहां भी दोनों का आमना-सामना नहीं होता तो फाइनल में दोनों की टक्कर हो सकती है. हालांकि, इसके लिए सबसे जरूरी बात ये है कि दोनों को पहले सेमीफाइनल में अपने-अपने मुकाबले जीतने होंगे.

किस दिन हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला?

इन समीकरणों के हिसाब से देखें तो सेमीफाइनल में 4 मार्च को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो ये मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं, अगर फाइनल में दोनों टीम आमने-सामने हुई तो मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. पहले से तय शेड्यूल के अनुसार अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो वो मैच कोलंबो में खेला जाएगा. पाकिस्तान के अलावा कोई भी टीम फाइनल में पहुंचती है तो खिताबी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा.

ये भी पढ़ें: तुम नहीं शिवम दुबे… बैटिंग के लिए आ रहे थे हार्दिक पांड्या, सूर्या ने किया ये इशारा तो उतरा चेहरा, आखिर हुआ क्या?

 



Source link