फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी पकड़ाए: शराब के नशे में रंगदारी दिखाते हुए चलाई थी गोली, आरोपियों से कट्टा-कारतूस जब्त – Bhind News

फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी पकड़ाए:  शराब के नशे में रंगदारी दिखाते हुए चलाई थी गोली, आरोपियों से कट्टा-कारतूस जब्त – Bhind News




भिंड शहर की नई गल्ला मंडी में रंगदारी की नीयत से सरेआम गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों को देहात पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। दो आरोपियों ने एक युवक के साथ पहले मारपीट की और फिर इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग कर दी थी। गोली चलने से मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और चार जिंदा राउंड बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। रंगदारी दिखाते हुए गाली-गलौज और मारपीट की
दरअसल पूरा मामला 17 फरवरी 2026 की दोपहर करीब ढाई बजे का है। फरियादी सुमित बघेल निवासी सीता नगर, भिंड नई गल्ला मंडी में मौजूद था। इसी दौरान चार युवकों ने उसे रोक लिया और शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए रंगदारी करते हुए मारपीट की थी। जब इस दौरान फरियादी द्वारा विरोध किया गया तो आरोयिों ने कट्टा से हवाई फायरिंग कर दी। अचानक चली गोली से मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस दौरान गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के अगले दिन 18 फरवरी को फरियादी ने थाना देहात पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश शाक्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक नागेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया और लगातार दबिश देकर आरोपियों की पतारसी शुरू की। दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों शैलेष पुत्र श्रीराम बघेल और आशीष बघेल पुत्र मूलचंद निवासी सीतानगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link