मैहर में कांग्रेस द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान एक हादसा हो गया। इस घटना में यातायात प्रभारी विक्रम पाठक आग की चपेट में आने से झुलस गए। उनका उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं। हादसे के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन से विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा, जिस स्थान के लिए अनुमति मांगी गई थी, कार्यक्रम वहां न होकर किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया गया था। यातायात प्रभारी आग की चपेट में आई
बताया गया है कि यातायात प्रभारी ने पुतला हटाने की कोशिश की, तभी किसी ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना से प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन प्रभावित हुआ। मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि जांच के दौरान यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो प्रकरण में और धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। इस मामले में मैहर थाने में आरक्षक भारतेंदु सिंह परिहार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें कांग्रेस के मैहर ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति, पंकज कुशवाहा, शारदा पटेल और गोलू त्रिपाठी को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनके अलावा, 10 अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link