इंदौर नगर निगम आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर रणनीति तैयार कर रहा है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने शनिवार को सिटी बस ऑफिस में अधिकारियों के साथ चर्चा और समीक्षा की। इसमें शासन की गाइडलाइन के अनुसार स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी बिंदुओं पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। इसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, गार्बेज फ्री सिटी मानक, ओडीएफ प्लस प्लस की स्थिति, लोगों की सहभागिता, नवाचार एवं डिजिटल मॉनिटरिंग जैसे प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने दायित्वों का सूक्ष्म विश्लेषण कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करे और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम करे। स्वच्छ जल प्रदाय और नाला सफाई पर विशेष जोर बैठक में स्वच्छ जल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पेयजल गुणवत्ता, नियमित परीक्षण, लीकेज नियंत्रण एवं जल वितरण की सतत निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ नाला अभियान के अंतर्गत नालों की नियमित सफाई, सिल्ट हटाने, आउटफॉल की जांच और जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी गंदे पानी का ठहराव न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। सौंदर्यीकरण एवं अन्य स्वच्छता मापदंड शासन की गाइडलाइन अनुसार शहर के प्रमुख रास्तों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सौंदर्यीकरण कामों की प्रगति की समीक्षा की। दीवार लेखन, पेंटिंग, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता और रखरखाव, कचरा मुक्त सार्वजनिक स्थल आदि बिंदुओं पर विस्तार से बातचीत की गई। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि नो रेड स्पॉट अभियान को पुनः गति दी जाए और शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सुचारू यातायात व्यवस्था बहुत आवश्यक बैठक में यातायात प्रबंधन को भी स्वच्छ सर्वेक्षण से जोड़ते हुए समीक्षा की गई। निगमायुक्त द्वारा प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर की छवि के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था बहुत आवश्यक है। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभागीय स्तर पर रोजाना मॉनिटरिंग करने और हर एक बिंदु पर शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर आयुक्त प्रखर सिंह, सहित अन्य समस्त अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख, उपायुक्त, झोनल अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link