IND vs SA Super 8 T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का काउंटडाउन शुरू है. 21 फरवरी को न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच पहले मैच का मजा बारिश ने किरकिरा कर दिया. लेकिन दूसरे मैच के लिए रोमांच चरम पर है क्योंकि ये मुकाबला भारत-साउथ अफ्रीका के बीच आज शाम (22 फरवरी) होगा. दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती रही है. मैच अहमदाबाद में होगा और दोनों टीमों ने इसके लिए कमर कस ली है. यूं तो पलड़ा भारत का भारी है, लेकिन अफ्रीकी टीम में एक खिलाड़ी है जिससे सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम को चौकन्ना रहना होगा.
14 पारियों में 448 रन
हम जिस प्लेयर की बात कर रहे हैं वो हैं क्विंटन डि कॉक जिन्होंने वापसी के बाद 14 पारियों में 448 रन ठोके हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 167.79 रहा है. वहीं, भारत के खिलाफ डि कॉक और भी खूंखार हो जाते हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ पिछली 15 पारियों में 6 अर्धशतक ठोके हैं, स्ट्राइक रेट 149.55 जबकि औसत 42.25 का रहा है. टी20 वर्ल्ड कप से पहले भी डि कॉक गजब फॉर्म में थे.
टी20 वर्ल्ड कप में कैसा रहा प्रदर्शन?
डि कॉक के टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने इस सीजन में अभी तक चार पारियों में 25, 59, 20 और 14 रन बनाए हैं. भारत की तरह साउथ अफ्रीका ने भी लगातार 4 मैच जीतकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया था. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पिछले साल के अंत में टी20 सीरीज खेली गई थी जिसमें टीम इंडिया ने 2-1 से जीत दर्ज की. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने अफ्रीका को 30 रन से शिकस्त दी थी.
ये भी पढे़ं.. ‘अभिषेक की जगह खिलाऊं?’ भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच से पहले सूर्या ने सुलझाई गुत्थी
चक्रवर्ती से सावधान है अफ्रीका
भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार नजर आए हैं. उन्होंने अफ्रीका के खिलाफ पिछले 8 मैच में 22 विकेट अपने नाम किए हैं. जिसके चलते अफ्रीकी टीम चक्रवर्ती के लिए होमवर्क करके उतरेगी. इसकी पुष्टि टीम के सीनियर प्लेयर क्विंटन डि कॉक ने की है. उन्होंने चक्रवर्ती की तारीफ की और साथ ही बताया कि उनके प्लेयर्स के पास चक्रवर्ती के लिए खास प्लान है.