ग्वालियर में छोटे भाई के सामने बड़े भाई की मौत: मैरिज गार्डन के सामने ऑटो ने मारी टक्कर; भाई कर रहा था इंतजार – Gwalior News

ग्वालियर में छोटे भाई के सामने बड़े भाई की मौत:  मैरिज गार्डन के सामने ऑटो ने मारी टक्कर; भाई कर रहा था इंतजार – Gwalior News




ग्वालियर में शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से आ रहे युवक को मैरिज गार्डन के सामने ऑटो चालक ने लापरवाही से टक्कर मार दी। ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसा बिजौली थाना क्षेत्र के कस्तूरी मैरिज गार्डन, गणेशपुरा में शनिवार रात का है। जिस समय हादसा हुआ, उसका भाई मैरिज गार्डन के सामने इंतजार कर रहा था और उसके सामने ही एक्सीडेंट में उसके भाई की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। भिंड स्थित मौ निवासी 45 वर्षीय बलराम पुत्र रामेश्वर बघेल एक प्राइवेट फर्म में नौकरी करते थे। काम के सिलसिले में बलराम हाल ही में बड़ागांव मुर्गी फार्म के पास रह रहे थे। उनके साथ उनका छोटा भाई अरविंद बघेल भी रहता है। गणेशपुरा स्थित कस्तूरी मैरिज गार्डन में रिश्तेदार के यहां शनिवार को शादी थी, इसलिए अरविंद बघेल पहले पहुंच गया था, जबकि बलराम ने कुछ देर बाद आने की बात कही थी। शाम करीब 7 बजे बलराम अपनी बाइक से शादी में शामिल होने आ रहे थे। कस्तूरी मैरिज गार्डन के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे ऑटो नंबर MP07 ZZ-2460 के चालक ने लापरवाही बरतते हुए बाइक को टक्कर मार दी। ऑटो की टक्कर से बलराम सड़क पर गिर गए। मैरिज गार्डन के सामने उनका इंतजार कर रहे छोटे भाई अरविंद ने साथियों की मदद से उन्हें तुरंत मुरार अस्पताल पहुंचाया। ऑटो चालक टक्कर मारने के बाद भाग गया घायल बाइक सवार की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया। हादसे के बाद ऑटो चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस मैरिज गार्डन व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। बिजौली थाना पुलिस का कहना है कि सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई है। शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही आरोपी ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।



Source link