आगर मालवा। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के ‘पंचायत चलो, वार्ड चलो’ अभियान के तहत रविवार को ग्राम निपानिया बैजनाथ में एक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें संगठन की आगामी कार्ययोजना और जमीनी स्तर पर मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव और मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी शिवी सिंह चौहान ने की। उनके साथ जिला प्रभारी अंकित यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नितिन गर्ग और जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस पृथ्वीराज चौहान भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी शिवी सिंह चौहान ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं से बनती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेहनती कार्यकर्ताओं के अधिकारों की अनदेखी कर किसी भी प्रकार का पक्षपात स्वीकार्य नहीं होगा। संगठन में पारदर्शिता, योग्यता और समर्पण को ही आधार बनाया जाएगा। ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि ‘पंचायत चलो’ अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना है। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक वार्ड और पंचायत में जाकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार करें। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष पीयूष पालीवाल, लोकेंद्र आरोलिया, प्रदेश सचिव जीतू पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष अनमोल वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष बहादुर सिंह बगड़ावत, सुसनेर विधानसभा अध्यक्ष कमल सिंह, पार्षद पवन कारपेंटर, श्याम सिंह गुर्जर, राहुल मेघवाल, दशरथ चौहान, प्रधान सिंह, संजय यादव और कमल पोरवाल सहित जिला व ब्लॉक स्तर के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। ‘पंचायत चलो, वार्ड चलो’ अभियान के माध्यम से युवा कांग्रेस ने ग्रामीण स्तर पर संवाद, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को प्राथमिकता देते हुए अपनी आगामी रणनीति को स्पष्ट किया है।
Source link