कार ने स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मारी, चालक फरार: 9वीं की छात्रा चोटिल, दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त; हादसे का वीडियो आया – Vidisha News

कार ने स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मारी, चालक फरार:  9वीं की छात्रा चोटिल, दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त; हादसे का वीडियो आया – Vidisha News




विदिशा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दूध लेने जा रही नौवीं कक्षा की छात्रा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे बने गार्डन के टेंट में जा घुसी। छात्रा की इलेक्ट्रिक स्कूटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना रविवार शाम करीब 7:39 बजे लवली गार्डन के सामने स्थित एक किराने की दुकान के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो हरिपुरा से बायपास की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। राधापुरम निवासी राजेश की बेटी खुशी (कक्षा 9वीं) घर से दूध लेने निकली थी, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चालक मौके से तेज रफ्तार में फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि वाहन चालक तेज गति से आता है, गलत साइड में घुसकर छात्रा को टक्कर मारता है और बिना रुके भाग जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिजन मौके पर पहुंचे और बाद में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और मुख्य मार्गों पर यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।



Source link