Last Updated:
Ujjain News: खुदकुशी से ठीक पहले दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी. शुक्रवार रातभर चैटिंग के बाद शनिवार सुबह करीब 6 बजे ऋषभ मीणा ने साक्षी को आखिरी कॉल की और फिर अपना मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिया.
ऋषभ के मोबाइल में दोनों की फोटो मिली.
रिपोर्ट- अजय पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन और रायसेन से एक दर्दनाक और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां प्रेम संबंध से जुड़े एक युवक और युवती ने एक ही समय पर अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या कर ली. उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में रहने वाले 26 वर्षीय इंजीनियर ऋषभ मीणा ने शनिवार सुबह अपने किराये के मकान के पोर्च में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. वह मक्सी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ था और केसर बाग कॉलोनी में दो साथियों के साथ रह रहा था. वहीं रायसेन जिले में साक्षी धाकड़ ने भी अपने नाना के घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले ऋषभ मीणा ने कई बार जान देने की कोशिश की थी. पहले उसने हाथ की नस काटने का प्रयास किया, फिर चाकू से खुद को घायल करने की कोशिश की. इसके बाद करंट लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिससे कमरे में शॉर्ट सर्किट भी हुआ. अंततः उसने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
पुलिस को घटनास्थल से ऋषभ का मोबाइल बरामद हुआ है. कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच में सामने आया कि उसका रायसेन जिले के चिल्ली सिलारी गांव निवासी 23 वर्षीय साक्षी धाकड़ से प्रेम संबंध था. दोनों के मोबाइल में साथ की तस्वीरें और लंबी चैटिंग मिली है, जिससे उनके रिश्ते की पुष्टि हुई है.
दोनों ने रातभर की बातचीत
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से ठीक पहले दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी. शुक्रवार रातभर चैटिंग के बाद शनिवार सुबह करीब 6 बजे ऋषभ ने साक्षी को अंतिम कॉल किया और फिर अपना मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिया.
नाना के घर पर लगाई फांसी
इसी दौरान रायसेन जिले में साक्षी ने भी अपने नाना के घर पर फांसी लगाकर जान दे दी. दोनों के घरों के बीच दूरी भले ही कम थी लेकिन आत्मघाती कदम उठाने का समय लगभग एक जैसा बताया जा रहा है.
जांच में जुटी पंवासा थाना पुलिस
फिलहाल पंवासा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों और कारणों ने दोनों को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया. यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि भावनात्मक तनाव और रिश्तों में उत्पन्न दबाव किस तरह युवाओं को चरम कदम उठाने की ओर धकेल सकता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.