जय शाह और भारत के विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान नई गोल्फ लीग ‘72 द लीग’ की ट्रॉफी से पर्दा उठाया. समारोह में खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं.इस मौके पर जय शाह ने कपिल देव के साथ अपनी पुरानी बातचीत को याद किया. उन्होंने बताया कि एक बार कपिल पाजी ने उनसे रणजी खिलाड़ियों की सैलरी दोगुनी करने की बात कही थी. शाह ने कहा कि उन्होंने उस समय वेतन बढ़ाने का वादा किया था और बाद में इसे दोगुना नहीं बल्कि दस गुना तक बढ़ा दिया. उन्होंने यह भी कहा कि अब एक रणजी खिलाड़ी सालाना 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक कमा सकता है.
गोल्फ को बढ़ावा
इसके साथ ही गोल्फ को लेकर शाह ने भरोसा जताया कि इस खेल का भविष्य काफी उज्ज्वल है. उनका मानना है कि अच्छे क्रिकेटर अक्सर अच्छे गोल्फर भी बनते हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें क्रिकेट की मार्केटिंग की अच्छी समझ है और वे कपिल देव की हर संभव मदद के लिए तैयार हैं, चाहे मामला आईसीसी का हो या बीसीसीआई का. ऐसे में गोल्फ पर भी जोर देने की कोशिश रहेगी.
अन्य खेलों में भी अहम भूमिका
कपिल देव ने कार्यक्रम के दौरान जय शाह की सराहना करते हुए कहा कि हमें उनका धन्यवाद करना चाहिए. उनके मुताबिक जय शाह ने सिर्फ भारतीय क्रिकेट को ही आगे नहीं बढ़ाया, बल्कि दूसरे खेलों के विकास में भी अहम भूमिका निभाई है.कपिल देव ने आगे कहा कि मीडिया का फोकस ज्यादातर क्रिकेट पर रहता है.
युवाओं के लिए प्रेरणा
आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह का मानना है कि अन्य खेलों को भी उतना ही महत्व मिलना चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि जय शाह आने वाले समय में क्रिकेट के साथ-साथ गोल्फ और बाकी खेलों को भी आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे.अगर आईसीसी व बीसीसीआई ऐसा करती है तो ये भारतीय स्पोर्ट्स के लिए एक बहुत बड़ी पहल होगी और इससे देश के युवाओं को अलग प्रेरणा मिलेगी.
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार के प्लान में गले की हड्डी बने मांजरेकर, सोशल मीडिया पोस्ट से काटा बवाल, कहा – ये गलत