SA के खिलाफ शर्मनाक हार… ऊपर से नेट रन रेट खराब, अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया? समझें समीकरण

SA के खिलाफ शर्मनाक हार… ऊपर से नेट रन रेट खराब, अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया? समझें समीकरण


Team India Semi Final Scenario: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की जीत पर ब्रेक लग गया है. ग्रुप स्टेज में लगातार 4 जीत के बाद सुपर-8 में पहुंची 
‘मेन इन ब्लू’ को साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से रौंद दिया. रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रोटियाज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह सरेंडर कर दिया. इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि शिवम दुबे (42 रन) को छोड़कर बाकी कोई बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी नहीं पार कर सका. ये हार इसलिए भी ज्यादा चुभने वाली है, क्योंकि भारत 76 रनों से ये मुकाबला हारा है और इससे उनके नेट रन रेट पर बड़ा असर पड़ा है.

सुपर-8 का सफर ऐसा है, जहां जीत-हार के साथ-साथ नेट रन रेट भी बहुत मायने रखता है. ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ये हार टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के सपने को तोड़ सकता है. आइए विस्तार से जानते हैं कि सुपर-8 में पहला मैच हारने के बाद टीम इंडिया का नेट रन रेट कितना खराब हुआ और इससे सेमीफाइनल की राहें कितनी मुश्किल हो गई है?

हार से ज्यादा नेट रन रेट ने दिया जख्म

Add Zee News as a Preferred Source


साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार से ज्यादा टीम इंडिया के रवैये से भारतीय फैंस को दुख पहुंचा है. एडन मार्करम की टीम ने जीत के साथ 2 महत्वपूर्ण अंक प्राप्त कर लिए हैं और वो ग्रुप-2 के पॉइंट्स टेबल पर फिलहाल शिखर पर हैं. वहीं, 76 रनों से करारी शिकस्त के बाद भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है. ये वाकई में चिंताजनक है, क्योंकि सुपर-8 का जो फॉर्मेट है, उसमें इसका काफी अहम रोल होने वाला है.

अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंच सकता है भारत?

ग्रुप-2 में मौजूद भारत का सुपर-8 में अब 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से सामना होगा. वहीं, 1 मार्च को सूर्या एंड कंपनी कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर वेस्टइंडीज से टक्कर लेगी. सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को अब किसी कीमत पर ये दोनों मुकाबले जीतने होंगे. हालांकि, दो जीत भी सेमीफाइनल के लिए काफी होगा या नहीं? इसका फैसला आने वाले मैचों में होगा.

दरअसल, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर भी भारत 4 अंक तक ही पहुंच पाएगा. वहीं, एक और मुकाबला जीतते ही साउथ अफ्रीका के खाते में 4 अंक आ जाएंगे और उनके लिए सेमीफाइनल का रास्ता आसान हो जाएगा. इस स्थिति में भारत को ये दुआ करनी होगी कि साउथ अफ्रीका अपने बाकी मुकाबले भी जीत जाए. वहीं, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे एक से ज्यादा मैच नहीं जीते. अगर ऐसा होता है तो भारत और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.

दूसरा समीकरण ये है कि भारत को सुपर-8 में बाकी बचे दोनों मैचों में बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी. किसी भी तरह उन्हें नेट रन रेट कम से कम दो टीमों से बेहतर करना होगा, ताकि जब अंक बराबर हो तो उन्हें दिक्कतों का सामना ना करना पड़े. हालांकि ये बिल्कुल आसान नहीं होगा. 

कुल मिलाकर बात इतनी है कि टीम इंडिया को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करनी होगी. वहीं, ये उम्मीद करनी होगी कि वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के अंक 2 से ज्यादा ना हो. अगर हो भी तो उनका नेट रन रेट भारत से बेहतर नहीं रहे. इस स्थिति में ही टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच सकती है.

ये भी पढ़ें: बड़े दिलवाले हैं हार्दिक पांड्या… अचानक Ex वाइफ नताशा को गिफ्ट किया करोड़ों का तोहफा, बेटे का रिएक्शन VIRAL

 



Source link