1 लाख पहुंच जाएगा सोना? इस डील से पड़ेगा फर्क, सर्राफा व्यापारी ने क्या कहा

1 लाख पहुंच जाएगा सोना? इस डील से पड़ेगा फर्क, सर्राफा व्यापारी ने क्या कहा


Last Updated:

Gold Rate News: सर्राफा बाजार में इस समय सोने का दाम 1.50 लाख रुपये से 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर जियोपॉलिटिकल तनाव कम होता है और रूस और अमेरिका हाथ मिलाते हैं, तो सोने की कीमतों में भारी करेक्शन देखने को मिल सकता है.

इंदौर. सोने-चांदी के दामों में काफी समय से काफी अस्थिरता देखने को मिल रही है. कभी दाम अप्रत्याशित बढ़ रहे हैं, तो कभी अप्रत्याशित गिरावट भी दर्ज की जा रही है. इस बीच रूस और अमेरिका के बीच हुई संभावित डील को लेकर आशंका बढ़ गई है, जिससे अब सोने में दाम की बड़ी गिरावट की संभावना जताई जा रही है. अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस और अमेरिका के बीच एक गुप्त आर्थिक साझेदारी को लेकर बातचीत चल रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह डील हकीकत में बदलती है, तो अंतर्राष्ट्रीय बाजार और भारतीय सर्राफा बाजार में सोने के दाम तेजी से गिर सकते हैं.

क्या एक लाख रुपये तक आएगा सोना?
सर्राफा बाजार में फिलहाल सोने का दाम 1.50 लाख से 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है. एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि अगर जियोपॉलिटिकल तनाव कम होता है और रूस-अमेरिका हाथ मिलाते हैं, तो सोने में भारी करेक्शन देखने को मिल सकता है. कुछ विशेषज्ञों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में यह दाम 1.10 लाख तक भी जा सकते हैं लेकिन यह लंबी अवधि के लिए नहीं होगा.

दोनों देशों की डील का नहीं पड़ेगा फर्क
हालांकि मध्य प्रदेश के इंदौर सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन के अजय लाहोटिया की राय इससे इतर है. उनका मानना है कि सोना सभी देशों की जरूरत है. यह सुरक्षा के काम आता है, इसलिए भले ही दोनों देशों की डील हो जाए, तब भी भारत समेत सभी देश सोना अपने बैंकों में रखना चाहेंगे. बाजार थोड़ा बहुत डाइल्यूट जरूर हो सकता है लेकिन इससे बड़ी गिरावट दिखती नजर नहीं आती. हालांकि दुनिया के अन्य देशों में सामाजिक दबाव जरूर नजर आ रहा है, जिसका असर साफतौर पर डॉलर और सोने-चांदी पर दिख रहा है. यही कारण है कि बाजार भी अस्थिर है.

डील का डॉलर कनेक्शन
सोने की कीमतों में संभावित गिरावट का सबसे बड़ा कारण रूस का अमेरिकी डॉलर में व्यापार करने का संभावित फैसला है. पिछले कुछ सालों से रूस और ब्रिक्स देश डॉलर पर निर्भरता कम करके सोने का स्टॉक बढ़ा रहे थे‌‌. यदि रूस वापस डॉलर सिस्टम में लौटता है, तो सेंट्रल बैंकों द्वारा सोने की अंधाधुंध खरीदारी रुक सकती है, जिससे बाजार में सोने की उपलब्धता बढ़ेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से डॉलर इंडेक्स मजबूत होगा और सोना सेफ हेवन के रूप में अपनी अपील खो सकता है और बड़ा करेक्शन आ सकता है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link