सोमवार भस्म आरती दर्शन: भगवान महाकाल भांग, चंदन, तिलक, आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप श्रृंगार – Ujjain News

सोमवार भस्म आरती दर्शन:  भगवान महाकाल भांग, चंदन, तिलक, आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप श्रृंगार – Ujjain News




विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के भस्म आरती के दौरान प्रातः 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों द्वारा गर्भगृह में विराजित समस्त देव प्रतिमाओं का विधिवत पूजन किया गया। तत्पश्चात भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर एवं फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक सम्पन्न हुआ। जटाधारी भगवान महाकाल को चंदन, वैष्णव तिलक एवं आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। इससे पहले प्रथम घंटानाद के साथ मंदिर में प्रवेश कर मंत्रोच्चार और ध्यान के साथ “हरिओम” का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के पश्चात भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन एवं त्रिपुण्ड लगाकर अलंकरण किया गया। श्रृंगार पूर्ण होने पर ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से आच्छादित कर पवित्र भस्म रमाई गई। भस्म अर्पण के उपरांत शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला तथा सुगंधित पुष्पमालाएँ अर्पित की गईं। मोगरा एवं गुलाब की सुगंध से सुशोभित भगवान महाकाल का स्वरूप अत्यंत दिव्य प्रतीत हो रहा था। फल एवं मिष्ठान का भोग लगाया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।



Source link