‘शॉट चयन काफी खराब’…गावस्कर ने लगाई भारतीय बल्लेबाजों की क्लास… फ्लॉप अभिषेक शर्मा की कमजोरी का खुलासा किया

‘शॉट चयन काफी खराब’…गावस्कर ने लगाई भारतीय बल्लेबाजों की क्लास… फ्लॉप अभिषेक शर्मा की कमजोरी का खुलासा किया


Sunil Gavaskar criticises shot selection of Team India batsmen: टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीतने वाली टीम इंडिया को सुपर 8 के पहले ही मैच में शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. साउथ अफ्रीका ने पहले तो बल्ले से कमाल किया और बोर्ड पर 188 रन टांग दिए, फिर गेंद से कहर बरपाया और भारतीय बल्लेबाजी को तहस-नहस करके रख दिया. टीम इंडिया पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 188 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 18.5 ओवरों में 111 रनों पर सिमट गई.

टीम इंडिया के लिए शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 37 बॉल पर 42 रन बनाए. बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. 76 रनों से मिली हार टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की सबसे बड़ी हार है. मैच के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के बल्लेबाजों की क्लास लगाई है और अब तक चार मैचों में फ्लॉप होने वाले अभिषेक शर्मा की कमजोरी का खुलासा भी किया है.

बल्लेबाजों पर बरसे सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के बैटर्स की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि ऐसी पिच पर, जहां ज्यादा धैर्य और अनुशासन की जरूरत थी, वहां शॉट चयन बेहद खराब रहा. गावस्कर ने कहा ‘बल्लेबाजों का शॉट चयन काफी खराब था. डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस को देखिए, जिस पिच पर गेंद आसानी से बल्ले पर नहीं आ रही थी, वहां उन्होंने खुद को परिस्थितियों के मुताबिक ढाला और साझेदारी बनाकर अच्छा स्कोर खड़ा किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाज ऐसा करने में नाकाम रहे.’

Add Zee News as a Preferred Source


दरअसल, टीम इंडिया के बल्लेबाज 188 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए बहुत स्लो खेले, जिससे दबाव बढ़ा और बैक टू बैक विकेट गिरते गए. ईशान किशन खाता नहीं खोल पाए. फिर तिलक वर्मा 1 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए. अभिषेक ग्रुप स्टेज के तीनों मैचों में खाता नहीं खोल पाए थे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने 12 बॉल खेलीं. दो और चौके भी लगाए, मगर टूर्नामेंट की शुरुआत से चला आ रहा खराब दौर खत्म नहीं हुआ.

ये भी पढ़ें: IND vs SA: सूर्या की कप्तानी में Team India पर लगा सबसे बड़ा ये ‘कलंक’, 19 साल बाद मिला कभी ना भूलने वाला दर्द

अभिषेक शर्मा ने अफ्रीका के खिलाफ 12 बॉल पर 2 चौके और 1 छक्का लगाकर 15 रन बनाए और आउट हो गए. पहले दो मैचों में वह ऑफ स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे थे, जिससे उनका विकेट गिरा. रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तेज गेंदबाजों ने उन्हें धीमी गेंदें डालकर खुलकर खेलने से रोका. आखिरकार 5वें ओवर की तीसरी गेंद पर मार्को यान्सेन ने उन्हें धीमी गेंद पर फंसा लिया.

अभिषेक को लेकर क्या बोले गावस्कर?

मैच के बाद सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा को लेकर कहा ‘इस समय वह सहज लय में नजर नहीं आ रहा है. नेट्स में आपको पता होता है कि अगर पहली गेंद पर आउट भी हो गए तो अगली गेंद खेलने का मौका मिलेगा, लेकिन मैच में स्थिति बिल्कुल अलग होती है. वहां दबाव आपको लगभग जकड़ लेता है और बड़े शॉट खेलने के लिए हाथों की आजादी भी कम हो जाती है.’

साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभिषेक शर्मा बाहर निकलकर बड़े शॉट खेलना चाहते थे. उन्होंने प्रयास भी किया, लेकिन अफ्रीकी गेंदबाजों ने ज्यादातर गेंदें उनके शरीर की तरफ रखीं. इसे लेकर सुनील गावस्कर ने कहा ‘वह थोड़ा फंस गया था और दक्षिण अफ्रीका ने बहुत चतुराई से गेंदबाजी की. उन्हें पता है कि उसे जगह बनाकर ऑफ साइड में खेलना पसंद है. इसलिए देखिए रबाडा को, उन्होंने लगातार पैड्स को निशाना बनाया, यहां तक कि एक छक्का खाने के बाद भी अपनी लाइन नहीं बदली.’

अभिषेक की कमजोरी बताई और सलाह भी दी

गावस्कर ने इस बयान के जरिए अभिषेक की कमजोरी उजागर कर कि वह ऑफ स्टंप पर आकर बड़े शॉट खेलने के लिए खुद को मजबूर कर रहे थे और अफ्रीकी गेंदबाजों ने यह अच्छी तरह समझ लिया था कि अभिषेक को ऑफ स्टंप पर ज्यादा जगह नहीं देनी है और शरीर पर गेंद रखनी है. पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने सलाह दी कि अभिषेक शर्मा को ‘शून्य’ के दबाव से निकलने के लिए पहले एक सिंगल लेकर खाता खोलना चाहिए. उन्होंने कहा ‘उन्हें लाइन के पार बड़े शॉट खेलने के लिए खुद को मजबूर नहीं करना चाहिए, एक सिंगल लें और शुरुआत करें. चार डॉट बॉल भी मायने नहीं रखतीं.’

ये भी पढ़ें:  T20 World Cup 2026: शर्मनाक हार के बाद बना ये अद्भुत संयोग, Team India को बना रहा चैंपियन, क्या इतिहास दोहरा पाएगी सूर्या ब्रिगेड?



Source link