India Semi Final Scenario, T20 World Cup 2026: क्रिकेट भी क्या कमाल का खेल है. एक दिन पहले तक जिस साउथ अफ्रीका को मात देने के लिए टीम इंडिया ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया, अब उसी अफ्रीकी टीम की जीत के लिए पूरा हिंदुस्तान दुआ करेगा. ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि सुपर 8 में टीम इंडिया की 76 रनों से शर्मनाक हार के बाद बना एक मजेदार समीकरण यह चीख-चीखकर कह रहा है कि अब भारतीय टीम तभी सेमीफाइनल में जा सकती है, जब उसे साउथ अफ्रीका का सहारा मिले. 22 फरवरी को अहमदाबाद में 76 रनों की ‘कुटाई’ के बाद टीम इंडिया का नेट रन रेट बहुत खराब हो चुका है, हालांकि सूर्या ब्रिगेड के लिए सेमीफाइनल का दरवाजा अभी भी आधा खुला है.
मजे की बात ये है कि सेमीफाइनल के दरवाजे की चाबी टीम इंडिया के हाथ में पूरी नहीं, बल्कि उसी साउथ अफ्रीका के पास है, जिसने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत को टी20 विश्व कप के इतिहास की सबसे बड़ी हार का स्वाद चखाया है. अगर साउथ अफ्रीका अपना यही फॉर्म कंटिन्यू रखता है तो टीम इंडिया सेमीफाइनल में जा सकती है. इस मजेदार समीकरण को जानने से पहले आपको सेमीफाइनल का रास्ता और ग्रुप 1 की स्थिति जानना जरूरी है.
किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?
दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 के मैच चल रहे हैं. ग्रुप 1 और ग्रुप 2 में 4-4 टीमें हैं, जिन्हें कुल 3-3 मैच खेलना है. इन ग्रुप में जो भी टॉप 2 टीमें होंगी, वो सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी. टॉप 2 पर रहने के लिए टीम को कम से कम 2 मैच जीतना जरूरी हैं. टीम इंडिया अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार चुकी है, जिसके बाद ग्रुप 1 में उसकी हालत खराब है, क्योंकि उसे 76 रनों से बड़ी हार मिली और उसका नेट रन रेट बहुत खराब हो गया है.
ग्रुप 1 में फिलहाल क्या स्थिति है?
सुपर 8 के ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका ने पहला मैच जीता और 2 अंक के साथ नेट रन रेट +3.800 कर लिया है. जबकि टीम इंडिया 0 पॉइंट्स और -3.800 NRR के साथ खराब स्थिति में है. इस ग्रुप में वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला. मजेदार समीकरण ये है कि सुपर 8 में अगर साउथ अफ्रीका की टीम अपने बचे हुए 2 मैचों में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हरा देती है तो टीम इंडिया की राह आसान हो जाएगी.
आखिर क्या है ये जादुई समीकरण?
समीकरण ये कहता है कि अगर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में जाना है तो सबसे पहले उसे बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे. साथ ही दुआ करनी है कि अफ्रीकी टीम भी बचे हुए दोनों मैचों में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हरा दे. टीम इंडिया बचे हुए दोनों मैच जीतती है तो उसके 4 अंक हो जाएंगे, जबकि अफ्रीकी टीम बचे हुए अपने दोनों मैच जीतकर 6 अंक के साथ सेमीफाइनल में चली जाएगी. अगर ऐसा हो गया तो वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे दोनों ही 2-2 अंक पर सिमट जाएंगी, लिहाजा टीम 4 अंक के साथ दूसरे नंबर पर रहते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लेगी.
ऐसा हुआ तो नेट रन रेट निभाएगा अहम रोल
समस्या तब होगी जब अफ्रीकी टीम कोई मैच गंवा दे. अगर ऐसा हुआ तो ग्रुप 1 में जिम्बाब्वे या फिर वेस्टइंडीज में से किसी एक के पॉइंट्स टीम इंडिया के बराबर हो सकते हैं, जहां नेट रन रेट अहम भूमिका में रहेगा. यही वजह है कि टीम इंडिया अपने बचे हुए दोनों मैच बड़े अंतर से जीतना चाहेगी, क्योंकि फिलहाल उसका नेट रन रेट -3.800 है, जो उसे सेमीफाइनल की रेस में नुकसान पहुंचा सकता है.