India vs South Africa: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम विजयरथ पर सवार थी. ग्रुप स्टेज में लगातार 4 मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई और पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका ने 76 रन से रौंद दिया. अगर हम कहें कि इतनी बड़ी जीत सूर्या ने खुद अफ्रीका को परोसी तो गुरेज नहीं होगा क्योंकि उन्होंने ऐसे खिलाड़ी को ड्रॉप किया जिसने टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में साउथ अफ्रीका को धोया था. अगर ये खिलाड़ी सुपर-8 के इस मुकाबले में होता तो टीम इंडिया नहीं हारती.
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की बल्लेबाजी मुश्किल में थी. उस दौरान स्टार विराट कोहली ने खूंटा गाड़ा था. लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिर रहे थे. ऐसे समय में ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला और 47 रन की बहुमूल्य पारी खेली थी. उनकी इस पारी में 4 छक्के देखने को मिले थे. शिवम दुबे ने उस दौरान भी 27 रन ठोक उनका साथ दिया और टीम का स्कोर 176 तक पहुंच गया था.
सुपर-8 में कर दिया ड्रॉप
सूर्यकुमार यादव को 76 रन की बड़ी हार के बाद अक्षर पटेल को ड्रॉप करने का पछतावा हो सकता है. भारत के टॉप बल्लेबाज फ्लॉप थे लेकिन शिवम दुबे ने 44 रन की पारी से मैच में जान डाली थी. ऐसे में दुबे के साथ एक बार फिर अक्षर पटेल होते तो साउथ अफ्रीका बैकफुट पर नजर आती. सूर्यकुमार यादव ने अक्षर पटेल को ड्रॉप करने पर चुप्पी टॉस के दौरान तोड़ी थी. उन्होंने कहा था कि यह रणनीतिक फैसला है.
ये भी पढे़ं.. IND vs SA: शर्मनाक हार के बाद भी खिताब जीतेगा भारत, 15 साल पुराना संयोग दे रहा संकेत
रन-रेट हुआ बेहद खराब
76 रन की हार का जख्म ही टीम इंडिया को नहीं मिला बल्कि सेमीफाइनल के लिए भी टीम इंडिया का गणित गड़बड़ा गया है. अब भारतीय टीम अगर बचे हुए दोनों मुकाबले जीत भी लेती है तो भी टीम इंडिया को दूसरी टीमों के फैसले पर निर्भर रहना पड़ सकता है. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी हार थी और इसका दाग सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर लगा है.