भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया को बुरी तरह शिकस्त मिली है. इस हार के साथ भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ चुकी हैं. अब यहां से बाकी के बचे हुए दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम के लिए करो या मरो कि स्थिति होने वाली है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि मेन इन ब्लू जीत हासिल कर पाते हैं या नहीं. 22 फरवरी को हुए मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद ही निराशाजनक रहा था. शिवम दुबे के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका. बहरहाल, आज हम बात करने वाले हैं एक ऐसे रिकॉर्ड के बारे में जिसे तोड़ने में ईशान किशन, शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा जैसे विस्फोटक बल्लेबाज पूरी तरह से नाकाम रहे हैं. इस मामले में आज भी 2 साल पहले टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह चुके पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का नाम कायम है. खास बात ये है कि हिटमैन ने एक नहीं बल्कि दो-दो बार ये कारनामा किया है.
रोहित शर्मा के नाम रिकॉर्ड
भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान एक पारी सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम पर है. रोहित ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रनों की तूफानी पारी खेली थी. उन्होंने अपनी इस धुआंधार पारी के दौरान 59 गेंदों का सामना करते हुए 8 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके लगाए थे. हिटमैन द्वारा लगाए 8 छक्के आज भी भारत की ओर से 1 पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड है.
युवराज सिंह हैं नंबर 2
भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के उड़ाने के मामले में दूसरे नंबर पर सिक्सर किंग युवराज सिंह का नाम है. युवराज ने ये कारनामा साल 2007 के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ किया था. उन्होंने अपनी छोटी मगर धमाकेदार पारी के दौरान ये कीर्तिमान स्थापित किया था. सिक्सर किंग ने इस मैच 16 गेंदों में 58 रन ठोके थे. इसमें उन्होंने 7 आसमानी फायर दागे थे और वह आज भी एक पारी में सबसे ज्यााद सिक्स लगाने के मामले में नंबर दो पर कायम हैं.
लिस्ट में रोहित का जलवा
हिटमैन रोहित शर्मा ने ये कारनामा एक नहीं दो-दो बार किया है.उन्होंने साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ 65 गेंदों में 79 रनों की पारी खेली थी. इस पारी की खास बात ये है कि रोहित ने इसमें 6 छक्के लगाए थे. टीम इंडिया के लिए टी20 विश्व कप की एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में आज भी रोहित का कोई तोड़ नहीं है. इस आंकड़े को बनाए हुए 16 साल बीत चुके हैं और भारत में कई तूफानी बल्लेबाज हुए लेकिन, हिटमैन का ये रिकॉर्ड आज भी अटूट है. अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे युवा खिलाड़ी भी आज तक रोहित को नहीं छोड़ पाए हैं.
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार के प्लान में गले की हड्डी बने मांजरेकर, सोशल मीडिया पोस्ट से काटा बवाल, कहा – ये गलत