विदिशा में नशे के बढ़ते कारोबार के बीच एक गंभीर मामला सामने आया है। डंडा पूरा इलाके में कोतवाली पुलिस ने सात नाबालिग बच्चों को संदिग्ध अवस्था में नशा करते हुए पकड़ा। मौके से बड़ी मात्रा में खाली इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई एक जागरूक नागरिक की सूचना पर की गई। सूत्रों के अनुसार, शहर के कुछ सुनसान इलाकों में युवाओं और बच्चों द्वारा खुलेआम नशा करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पूर्व में नशे के कारण कुछ युवाओं की मौत के मामले भी सामने आ चुके हैं, जिससे नागरिकों और समाजसेवियों में रोष है। वे लंबे समय से अवैध नशा कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया जाएगा
कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि पकड़े गए सभी नाबालिगों को विधि अनुसार बाल किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके बाद उनके पुनर्वास, काउंसलिंग और नशा मुक्ति केंद्र भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि उन्हें मुख्यधारा में वापस लाया जा सके। एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक रोहित कसवानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नशा बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके। पुलिस ने भी आम नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी अवैध नशे का व्यापार होते दिखे तो इसकी जानकारी दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Source link