उज्जैन में निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर पर फावड़े और बेल्ट से हमला कर दिया गया। इस मामले में पिता और उसके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना रविवार शाम उज्जैन के पंड्याखेड़ी क्षेत्र में हुई। श्याम प्रजापत नामक मजदूर अपने घर के पास निर्माण कार्य में लगा था। वह ऊपरी मंजिल से रेत की तगाड़ी नीचे डाल रहा था, तभी वहां से गुजर रहे सादिक शाह पर धूल और रेत उड़ गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सादिक शाह ने श्याम को नीचे बुलाया और फावड़े, बेल्ट से उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान सादिक के बेटे इरशाद और इकबाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी श्याम को थप्पड़-मुक्कों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इस मारपीट का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। पंवासा थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने बताया कि घायल श्याम के थाने पहुंचने पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। चोटों के आधार पर सादिक शाह और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जेल भेज दिया है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और मामले की विवेचना जारी है।
Source link